छात्रों से जीवन के अनुभव बांटने का किया आग्रह
कुल्लू|राजकीय महाविद्यालय,कुल्लू में पूर्व छात्र संघ की बैठक सम्पन्न हुई। कुछ माह पूर्व गठित इस संघ में पूर्व प्राचार्य यशपाल महंत प्रधान, पीडी आज़ाद उप-प्रधान, दीपक कुल्लवी सह-सचिव, एनएस ठाकुर सचिव, प्रो. रोशन लाल कोषाध्यक्ष तथा सदस्यों में आरपी शर्मा, प्रेम ठाकुर उपस्थित थे। इस मौके पर पूर्व छात्रों के अतिरिक्त कुल्लू महाविद्यालय का स्टाफ़ और अन्य प्रोफेसर भी उपस्थित थे। इस महत्त्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुल्लू महाविद्यालय के प्राचार्य डा. नंदलाल शर्मा ने पूर्व छात्रों से अपने जीवन के अनुभव बांटने का आग्रह किया। उन्होंने कहा इसके लिए वह बीच-बीच में आयोजन भी करते रहेंगे। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा पूर्व छात्रों को इस महत्त्वपूर्ण संगठन में शामिल होने का आग्रह भी किया, जिसके लिए सदस्यों को शामिल करने की मुहिम शुरु कर दी गई है।