टीचर को सम्मानित कर मनाया वेलेंटाइन-डे
शहरकी केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला रौड़ा के वर्ष 1985 बैच के पांचवीं कक्षा के स्टूडेंट्स ने रविवार को वेलेंटाइन-डे पर अनूठे कार्यक्रम का आयोजन किया। उन्होंने उस दौरान रौड़ा स्कूल में टीचर रहीं कृष्णा गुप्ता के सम्मान में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया।
एसवीएम स्कूल के प्रांगण में आयोजित इस समारोह में पूर्व छात्रों ने सेवानिवृत्त अध्यापिका कृष्णा गुप्ता को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट करके सम्मानित किया। प्राइमरी स्कूल रौड़ा की एलुमनी एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को आयोजित अभिनंदन समारोह की अध्यक्षता सेवानिवृत्त अध्यापक रविंद्र भट्टा ने की, जबकि साहित्यकार कुलदीप चंदेल ने मंच संचालन किया। समारोह में कई ऐसे पूर्व छात्रों ने भी भाग लिया, जो वर्तमान में प्रदेश के अन्य जिलों में रह रहे हैं। कुल्लू से आई पूर्व छात्रा नीलम गुलेरिया ने अपनी ओर से भी कृष्णा गुप्ता को कुल्लवी शॉल टोपी भेंट की। कृष्णा गुप्ता ने कहा कि दशकों पूर्व उन्होंने जिन बच्चों को पढ़ाया था, उन्होंने आज भी उन्हें याद रखा है। उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान यही है। समारोह में डॉ. आशुतोष शर्मा, एडवोकेट आदर्श शर्मा, शशिकांत, अरविंद आशू, नीलम गुलेरिया, सीमा, शीतल, प्रवेश राणा, राजकुमार वासुदेव समेत कई पूर्व छात्रों ने भाग लिया। समारोह के दौरान दिवंगत अध्यापिका प्रेमलता तथा दिवंगत पूर्व छात्रों विक्रम, सतेंद्र, राजेश, ऋषिराज, अनिल कुशल शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
टीचर को सम्मािनत करते 1985 बैच के पांचवीं कक्षा के स्टूडेंट्स