आत्मनिर्भर बनने के लिए कुल्लू नप लगाएगी विद्युत प्रोजेक्ट: महंत
कुल्लू| नगरपरिषद उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत ने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था की ओर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले हालांकि कुल्लू नगर परिषद में घर घर से कूड़ा उठाने की योजना चलाई गई थी, लेकिन नगर परिषद की ढील के कारण उससे लोगों को कोई खास फायदा नहीं मिला। अब सफाई व्यवस्था पर विशेष बल दिया जाएगा। गोपाल महंत ने कहा कि कुल्लू नगर परिषद को इस समय करीब 5 करोड़ की देनदारी है। इस देनदारी से निपटने के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कुल्लू नगर परिषद काे आश्वासन दिया है कि सरकार की ओर से कुल्लू नगर परिषद की आर्थिक मदद की जाएगी। उन्होंने कहा कि कुल्लू नगर परिषद को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नगर परिषद एक मैगावाट का विद्युत प्रोजेक्ट लगाने जा रहा है। इस प्रोजेक्ट से नप को एक लाख रुपए तक की आय होगी।