कुल्लू आैर बद्दी में खोलेंगे महिला थाने : वीरभद्र सिंह
मुख्यमंत्रीवीरभद्रसिंह ने कहा कि प्रदेश में महिला सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि चरणबद्ध तरीके से हर जिले में महिला थाना खोला जाना है। कुल्लू आैर बद्दी में शीघ्र ही इन थानों को खोला जाना है।
महिला कल्याण बोर्ड की पहली बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में कोई भी डाॅक्टर अथवा पैरा मेडिकल स्टाॅफ को तब तक भारमुक्त नहीं किया जाएगा, जब तक उसके बदले में उसका भारग्राही नहीं जाता। महिलाओं की शिकायतों का निवारण करने के लिए हर पुलिस स्टेशन में एक महिला कांस्टेबल की तैनाती की गई है।
पुलिस विभाग में उप-निरीक्षकों के पदों पर महिलाओं को 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं के प्रति घरेलू हिंसा के मामलों को गंभीरता से निपटाने के निर्देश दिए। ऐसे मामलों में शीघ्र ही न्याय प्रदान किया जाना चाहिए। सार्वजनिक क्षेत्र का बैंक भारतीय महिला बैंक सीमित के यूपीए सरकार के फैसले के तहत महिला उद्यमियों को बिना किसी बैंक गारंटी के एक करोड़ रुपये की ऋण सुविधा प्रदान कर रहा है। गरीब एवं एकल महिला की अन्य आवश्यकताओं जैसे रसोई ऋण, गाय खरीदने के लिए ऋण, बीएमबी परवरिश ऋण, ब्यूटीपार्लर खोलने के लिए भी ऋण उपलब्ध करवा रहा है। राज्य के सभी जिलों में भारतीय महिला बैंक के लिए बैंक की आवश्यकतानुसार कार्यालय के लिए उपयुक्त स्थान तथा अन्य मदद का आश्वासन दिया। बैंक के प्रतिनिधियों से समस्त ग्रामीण क्षेत्रों में बैंक की शाखाएं खोलने का आग्रह किया। परिवहन निगम आैर निजी बसों में महिलाओं ने उनके लिए सीटों के आरक्षण का आग्रह किया। विधवाओं एवं अक्षमों को पेंशन के लिए आयकर प्रमाण पत्र को समाप्त करने के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि 70 प्रतिशत या इससे अधिक अक्षमता और 80 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को पेंशन के लिए आयकर प्रमाण पत्र की कोई आवश्यकता नहीं है। एक लाख तक ऋण के लिए बैंक गारंटी के संबंध में महिलाओं की शिकायतों को राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक में उठाने का निर्णय लिया।
उन्होंने स्कूलों में स्वच्छता मामलों का समाधान करने के लिए पाठशालाओं अथवा स्कूल प्रबन्धन समिति को धनराशि हस्तांतरित करके शौचालयों की मरम्मत एवं रखरखाव के भी निर्देश दिए। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डाॅ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर जैनब चंदेल, बाल कल्याण परिषद की अध्यक्ष राज कुमारी सोनी और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
जनजातीय क्षेत्रों में बिना रिलीवर डाॅक्टरों का नहीं होगा तबादला