- Hindi News
- अवैध कब्जों को गिराएगी नालागढ़ नगर परिषद
अवैध कब्जों को गिराएगी नालागढ़ नगर परिषद
नालागढ़ | नगरपरिषद नालागढ़ ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने के मूड में हैं, जिन्होंने परिषद की आंखों में धूल झोंककर नगर परिषद की जमीन या उस पर अवैध निर्माण कर दिए हैं। परिषद ने कई कब्जाधारियों को नोटिस थमा दिए हैं और कइयों को नोटिस भेजे जा रहे हैं।
कई अवैध निर्माण गिराए भी जा चुके हैं, लेकिन जो बाज नहीं रहे है, उन्हें परिषद अब फाइनल नोटिस जारी कर रही है, ताकि वह अपने अवैध निर्माण स्वयं तुड़वा लें, अन्यथा परिषद आगामी बैठक में प्रस्ताव पारित करके ऐसे अवैध निर्माण को तुड़वाएगी
परिषद ने बीते वर्ष अक्टूबर माह में परिषद के पारित नक्शे के विपरीत ही अवैध भूमि पर कब्जा करते हुए अपना मकान बनाया और उसे तुड़वा दिया। परिषद ने वार्ड-5 में हुए अवैध निर्माण और वार्ड-9 में परिषद की जमीन पर अवैध कब्जा करके किए गए निर्माण को तुड़वा दिया है। लेकिन परिषद के पास ऐसी अन्य कई शिकायतें चुकी हैं, जिस पर परिषद अब कड़ा रुख अपनाते हुए इन्हें तुड़वाने का मन बना चुकी है।
नप अध्यक्ष अल्का वर्मा ने कहा परिषद के पास अवैध कब्जे कर निर्माण कार्य करने की कई शिकायतें आई है, जिनमें कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जो नोटिस के बावजूद भी नहीं मान रहा है, उन्हें फाइनल नोटिस भेजे जा रहे है और अवैध निर्माण तुड़वाए जाएंगे और परिषद की जमीन पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा।