- Hindi News
- देवनगर, बहाली में तीन सप्ताह से पानी की कमी
देवनगर, बहाली में तीन सप्ताह से पानी की कमी
भास्कर न्यूज | रामपुर बुशहर
देवनगरऔर बहाली पंचायत में करीब तीन सप्ताह से पानी की आपूर्ति बाधित है। इससे यहां के निवासियों को घोर पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि थ्रीजी केवल लाइन बिछाने के लिए की जा रही खुदाई के दौरान पेयजल लाइन टूटी है, जिससे उनके गांवों की आपूर्ति बाधित हुई है। रमन कायथा, नीटू कायथा, संदीप भलुनी, दीवान चौहान, प्रताप चौहान, विनोद भलुनी, किशोरी भलुनी, लोकेंद्र ठाकुर, बंटी कायथा और अविनाश कायथा आदि लोगों ने विभाग से जलापूर्ति शीघ्र बहाल करने की मांग की है। वहीं उन्होंने पाइपें तोड़ने पर निजी कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस समस्या के बारे में विभाग से कई मर्तबा बातचीत की गई है, लेकिन विभाग की ओर से समस्या के समाधान को अभी तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। अगर आपूर्ति जल्द बहाल नहीं की गई, तो लोगों को मजबूरन आंदोलन पर उतरना पड़ेगा। तकलेच-सुंगरी सड़क के किनारे थ्रीजी केवल बिछाई जा रही है। केबल के लिए खुदाई से जगह-जगह पेयजल लाइन टूटी है। जिससे बहाली, नैहरा, देवनगर, खनेउली, पलजारा आदि गांवों की आपूर्ति बाधित हुई है। आईपीएच के सहायक अभियंता टीआर शर्मा का कहना है कि आपूर्ति सुचारु रखने की हरसंभव कोशिश की जा रही है, मगर बार-बार लाइन टूटने से समस्या ज्यों की त्यों हो जाती है।