- Hindi News
- नेशनल हाइवे आर्थोरिटी के खिलाफ केस करेगी संस्था
नेशनल हाइवे आर्थोरिटी के खिलाफ केस करेगी संस्था
सैंज-आनी-औटएनएच 305 पर लुहरी के समीप कारशा के ब्लैक स्पॉट को लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद भी एनएच ऑथोरिटी द्वारा दुरूस्त ना किये जाने से खिन्न होकर आनी की सचेत संस्था ने कोर्ट जाने का मन बनाया है। सचेत संस्था एनएच ऑथोरिटी के विरूद्व जल्द ही आईपीसी की धारा 336 के तहत मामला दर्ज करवा सकती है। सचेत संस्था द्वारा एनएच ऑथोरिटी के रामपुर डिवीजन के एक्सईएन को पत्र लिखकर ब्लैक स्पॉट को दुरूस्त करने के लिये एक माह का अल्टीमेटम दिया गया है। सचेत संस्था का कहना है कि इस जानलेवा ब्लैक स्पॉट पर बीते कई सालों से लगातार दुर्घटनाएं होती रही हैं। इस स्थान पर सड़क बेहद संकरी है और सतलुज सड़क के साथ सटी है और बेहद गहरी भी है। कारशा के इसी स्थान पर सतर के दशक में सवारियों से भरी एक बस सतलुज में समा गई थी और सवारियों और बस का कोई पता नहीं चल पाया था। उसके बाद यहां लगातार एक के बाद एक दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और 80 से ज्यादा बेगुनाह जिंदगियों की बलि चढ़ चुकी है। बीते एक साल में ही दो कारों और एक बाइक समेत चार व्यक्ति सतलुज में समा गये हैं। हाल ही में 25 नवम्बर को बाइक सवार लापता है और अभी 10 दिसम्बर को कार सहित दो व्यक्ति लापता हैं। उन्होंने कहा कि इस स्थान को लेकर पुलिस और स्थानीय प्रशासन द्वारा लिखित तौर पर एनएच प्राधिकरण को इसे सुरक्षित करने को कहा गया है। मगर एनएच ऑथोरिटी की लापरवाही के चलते इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया और एक के बाद एक हादसे पेश रहे हैं। संस्था का कहना है कि अगर एनएच अथॉरटी एक माह के भीतर इस स्थान को वाहन चालकों के लिये दुरूस्त नहीं करती तो उनके खिलाफ कानून का सहारा लिया जायेगा।