बस अड्डा नप को सौंपने का विरोध
शहरके पुराने बस अड्डे को नगर परिषद को सौंपे जाने पर भाजपा ने विरोध जताया है। भाजपा ने साफ शब्दों में कहा है कि अगर अगले 10 दिनों के भीतर उक्त बस स्टैंड को नगर परिषद से वापस लेकर परिवहन निगम को नहीं सौपा तो जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस संबंध में शुक्रवार को भाजपा मंडल रामपुर ने एसडीएम दलीप नेगी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। भाजपा मंडल ने मौजूदा सरकार पर आरोप लगाया कि पुराने बस स्टैंड को आम लोगों के हितों को दरकिनार करते हुए नगर परिषद को सौंपा है, जिससे आम लोगों की परेशानी बढ़ी है।
भाजपा मंडल के अध्यक्ष विजय सिंह बिष्ट ने कहा कि एक ही दिन में इस बस स्टैंड को नगर परिषद को देने का फैसला आया और उसी दिन नगर परिषद ने कब्जा भी कर दिया। भाजपा मंडल ने कहा कि 19 नंवबर को परिवहन डिपो के डिवीजनल मैनेजर क्षेत्रीय प्रबंधक को ये पत्र जारी करते हैं कि बसस्टैंड नगर परिषद के हवाले करें। क्षेत्रीय प्रबंधक भी उसी दिन नगर परिषद को पत्र लिखकर बस स्टैंड को नगर परिषद के अधीन देने की बात करते हैं और 19 नवंबर को ही नगर परिषद बस स्टैंड को अपने कब्जे में कर लेता है। ऐसे में साफ है कि मात्र एक ही दिन में हुआ ये सारा काम किसी व्यक्ति विशेष को फायदा पहुंचाने के लिए किया गया है। इसका भाजपा पुरजोर विरोध करती है। मंडल ने कहा कि हर दिन दूरदराज के गांव से लोग रामपुर सामान अन्य चीजों के लिए पहुंचते है। ऐसे में अगर पुराना बसस्टैंड बंद होता है तो समस्त क्षेत्र के लोगों पर इसका प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पुराने बसस्टैंड के अलावा यहां पर बसों को रूकने का कोई भी स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद जिस तरह से पुराने बसस्टैंड को अपने कब्जे में ले रही है उसी तेजी से अगर परिषद पार्किंग का निर्माण करती तो अभी तक रामपुर की सबसे बड़ी समस्या दूर हो सकती है। इस मुद्दे पर भाजपा चुप नहीं बैठ सकती। अगर 24 दिसंबर तक बस स्टैंड को वापस परिवहन डिपो को देने के आदेश नहीं होते तो भाजपा के समस्त कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर ईश्वर मेहता, भाजयुमो के अध्यक्ष हरि सिंह चौहान, हेमंत शैली, आशा देवी, अनु पौंड, राज कुमार, आईडी मेहता सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रामपुर में पुराना बस अड्डा नगर परिषद को सौंपने के विरोध में एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजते भाजपा कार