- Hindi News
- चिंतपूर्णी से डॉक्टर दंपति पर गिरी गाज रामपुर बुशहर किया तबादला
चिंतपूर्णी से डॉक्टर दंपति पर गिरी गाज रामपुर बुशहर किया तबादला
चिंतपूर्णी | स्थानीयअस्पताल में मेडिकल के नाम पर कथित पैसे मांगने के मामले पर मचे बवाल के बाद बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने आनन-फानन में अस्पताल में तैनात डॉक्टर दंपति के तबादला आदेश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही विभाग ने पैसे मांगने के मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। डॉक्टर दंपति का तबादला किए जाने की पुष्टि सीएमओ डॉ. जीआर कौशल ने भी की है। सीएमओ डॉ. कौशल ने बुधवार को चिंतपूर्णी अस्पताल का दौरा भी किया और घटनाक्रम की पूरी जानकारी हासिल की। सीएमओ ने बताया कि उक्त डॉक्टर के खिलाफ पहले भी काफी शिकायतें मिलती रही हैं। कई बार उन्हें इन शिकायतों के बारे में बताते हुए समझाया भी जा चुका था। लेकिन पिछले माह ऊना के दौरे पर आए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से भी डॉक्टर की शिकायत की गई थी। जिसके चलते सीएम ने भी मामले पर कड़ी कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया था। सीएमओ ने बताया कि कपल केस होने के चलते डॉक्टर दंपति का एक साथ तबादला किया जा रहा है। अस्पताल में मेडिकल करवाने आए युवक देवेंद्र कुमार ने आरोप जड़ा था कि डॉक्टर ने उससे मेडिकल करने की एवज में 300 रुपये मांगे थे। जिस पर लोगों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया था। डॉक्टर ने भी अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज कर दिया था।