मेडिकल और हिल अलाउंस शीघ्र जारी हो
भास्कर न्यूज | रामपुर बुशहर
रामपुरजल विद्युत स्टेशन ठेका मजदूर यूनियन की बैठक प्रधान नीलदत्त शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मजदूरों की विभिन्न मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बीते 23 फरवरी को परियोजना क्षेत्र में काम करते वक्त चोटिल हुई महिला आशा को परियोजना प्रबंधन द्वारा कोई मदद मिलने को लेकर भी रोष प्रकट किया गया। अध्यक्ष नीलदत्त ने कहा कि 4 दिसबंर 2014 को चंडीगढ़ में सहायक श्रम अधिकारी के साथ आयोजित बैठक के दौरान प्रबंधन ने 20 जनवरी तक मजदूरों की लंबित मांगों को पूरा करने बारे सहमति जताई थी, लेकिन अभी तक मजदूरों की कई मांगें पूरी नहीं हो पाई है। परियोजना प्रबंधन को भी मजदूरों की लंबित मांगों बारे भी सूचित किया गया, लेकिन आज दिन तक मजदूरों की मांगों को हल करने के लिए कोई पहल नहीं की गई, जिसको लेकर मजदूरों में खासा रोष है। यूनियन ने परियोजना प्रबंधन से जल्द से जल्द मजदूरों की लंबित मांगों को पूरा करने की मांग की है। इस मौके पर यूनियन के सचिव पुष्प राम, हितेश, महेंद्र सिंह, हेमराज, शीला देवी, निशा देवी, जीता देवी, सुषमा, दिनेश कुमार और इंद्र सिंह सहित कई अन्य मजदूर मौजूद रहे।
मजदूर यूनियन की
मांगे
मजदूर२०१४ से मेडिकल भत्ते, हिल अलाउंस, मजदूरों को वर्दी और जूते मुहैया करवाने की मांग कर रहे हैं लेकिन प्रबंधन मजदूरों की मांगों को दरकिनार कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द से जल्द मांगें पूरी नहीं होती तो मजदूर रणनीति बना कर आगामी कदम उठाएंगे।