आज भी पीठ पर लादकर ले जाए जाते हैं मरीज
प्रदेशसरकार भले ही विकास के बड़े बड़े दावे कर अपनी पीठ स्वयं थप थपा रही है लेकिन ग्रामीण क्षेत्र आज भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में विकास की रोशनी से कोसों दूर है। रोहड़ू विकास खंड की पिछड़ी ग्राम पंचायत कुठाडी ऐसे ही सरकारी दावों की पोल खोल रही है जिनमें शिक्षा, स्वास्थ्य , बिजली पानी जैसी सुविधाओं को देने की बड़ी बड़ी बातें की गई है। देश को आजाद हुए 69 साल हो गए हैं लेकिन रोहड़ू विकास खंड की आखिरी पिछड़ी पंचायत कुठाडी तक विकास की किरण नहीं पहुंच पाई है। पंचायत में लगे समस्याओं के अंबार बुनियादी सुविधाओं की कमी पर नजर डाली जाए तो प्रदेश सरकारों द्वारा किए जाने वाले विकास के सारे दावे खोखले नजर आते हैं। करीब 2500 की आबादी वाली इस पंचायत मे स्वास्थ्य सेवा के नाम पर कागजों में एक डिस्पेंसरी खोली गई है। जिसके लिए पंचायत भवन में ही एक कमरे की व्यवस्था तो की गई है लेकिन डिस्पेंसरी में चिकित्सक तो दूर स्वास्थ्य कर्मी तक तैनात नहीं है। लोक निर्माण विभाग की लचर कार्यशैली के चलते साल में बमुश्किल सड़क दो महीने के लिए भी खुली नहीं रहती। ग्रामीण आज भी मरीज को कुर्सी में बांध कर अपने कंधों पीठ पर लाद कर मुख्य सड़क तक पहुंचाने को विवश है। क्षेत्र में पेय जल सुविधा की दयनीय हालत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पंचायत के लिए दस साल पहले स्वीकृत की गई उठाऊ पेयजल योजना का काम आधार शिल्ला रखने से आगे नहीं बढ़ सका। पंचायत के कई गांव में बर्फबारी के दिनों में भी लोग कई किलोमीटर दूर से पीने का पानी ढो कर लाने को मजबूर हैं। यही हाल विद्युत आपूर्ति का भी है। जरा सी हवा बारिश के होते ही बिजली का गुल होना आम बात है बर्फबारी हुई तो कई कई दिनों तक पंचायत के आधा दर्जन से अधिक गांव अंधरे में डूबे रहते हैं। क्षेत्र के लिए रोहड़ू से परिवहन निगम की एक बस सेवा का प्रावधान है जो महीने में एक या दो दिन ही अपने गंतव्य स्थान तक पहुंच पाती है। सरकारी स्कूल पीटीए अध्यापकों के सहारे चल रहे हैं।
कुठाडी पंचायत रोहड़ू क्षेत्र की पिछड़ी पंचायत है। मूलभूत सुविधाओं का इतना अभाव है कि लोगों का जीना दुश्वार है।
^ अंजू सांख्यान प्रधान ग्राम पंचायत कुठाडी कुठाडी सड़क के निर्माण के लिए दस करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। जहां तक अन्य समस्याओं का सवाल है संबंधित विभागों को जल्द से जल्द समस्याओं को हल कर रिपोर्ट देने के निर्देश जारी किए जा रहे हैं। रोहितठाकुर, सीपीएस एवं विधायक जुब्ब्ल कोटखाई
मरीज को कुर्सी पर बांध कर संड़क तक पहुंचाने का प्रयास करते कुठाडी के लोग