कर्मचारी यूनियन प्रबंधन की वार्ता विफल
सोलन| चंबाघाटस्थित वाइल्ड क्राफ्ट उद्योग के मजदूरों और प्रबंधकों के मध्य चल रहा विवाद दोनों पक्षों के बीच हुई बैठक के बाद भी नहीं थमा। श्रम अधिकारी ने दोनों पक्षों की बैठक करवाई लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। कर्मचारी यूनियन ने आरोप लगाया कि प्रबंधन के अड़ियल रवैये के कारण कोई समझौता नहीं हो पाया। इसके चलते यूनियन ने आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। एटक के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनूप पराशर ने कर्मचारी यूनियन की मांगों का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि कामगारों का शोषण सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने वार्ता विफल होने के लिए प्रबंधन को दोषी ठहराया है। पराशर ने श्रम अधिकारी से प्रबंधकों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।