- Hindi News
- संपूर्ण स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग दें: वर्मा
संपूर्ण स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग दें: वर्मा
एडीसीसीपी वर्मा ने सोलन जिले के सभी जिला परिषद सदस्यों, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वंयसेवी संस्थाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, युवक मंडलों, नेहरू युवा केंद्रों सहित सभी जिलावासियों का आह्वान किया कि 26 सितंबर से 2 अक्टूबर के आयोजित किए जा रहे संपूर्ण स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग दें। सीपी वर्मा वीरवार को इस संबंध में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत 26 सितंबर को सामान्य स्वच्छता दिवस आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि इस दिन कार्यालय, आवास, आस-पड़ोस सहित सभी स्थानों की सफाई करें। वर्मा ने कहा कि अभियान के तहत सभी ग्राम पंचायतों और गांव को खुले में शौच मुक्त बनाना भी सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 27 सितंबर को स्कूल एवं आंगनबाड़ी स्वच्छता दिवस, 28 सितंबर को स्वच्छता तकनीकी प्रोत्साहन दिवस, 29 सितंबर को स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत स्वच्छता दिवस, 30 सितंबर को जल शुद्धिकरण दिवस, 1 अक्टूबर को सामुदायिक जागरुकता दिवस तथा 2 अक्टूबर, 2014 को ग्राम सभा दिवस आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी एसडी नेगी ने भी अभियान की जानकारी दी।
माल रोड पर कूड़ा एकत्र करते एडीसी अन्य अधिकारी।