नहीं बने स्वास्थ्य कार्ड
जाबली| जिलासोलन के विकास खंड धर्मपुर के तहत जाबली पंचायत के करीब 200 परिवारों को सरकार द्वारा बनाए जा रहे राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजना के तहत स्वास्थ्य स्मार्ट कार्ड बनाने से वंचित रहना पड़ा।
आईआरडीपी, बीपीएल मनरेगा में कार्यरत कार्य कर चुके लोगों के परिवार के सदस्यों के कार्ड बनाए जाने प्रस्तावित हैं। जाबली पंचायत के 375 परिवारों की सूची में केवल 176 लोग ही सुविधा ले सके। बाकी परिवारों तक सूचना नहीं मिल पाई है, जिस कारण लोग कार्ड बनाने से वंचित रह गए हैं। पंचायत के ठाणा, दत्यार, रानीगांव, शेरला, सूजी, नौहन जो पंचायत से 5 से 7 किलोमीटर दूर है, वहां के बहुत से परिवार छूट गए हैं, जिन्हें अब धर्मपुर या 25 किलोमीटर दूर सोलन जाना पड़ेगा।
पंचायत उपप्रधान नरेश कुमार ने बताया कि उन्हें कार्ड बनाने संबंधी जानकारी देरी से मिली, जिसे सभी लोग परेशान हुए। पंचायत सदस्य पतराम, सुरेंद्र, शकुंतला, हरिकृष्ण स्थानीय लोग हरिराम, रीना देवी, मदन लाल, शिव दयाल, घनश्याम, शक्त राम, बिमला, सरिता ने प्रशासन से जाबली में टीम भेजने की मांग की है।