लोगों को दी टीबी के बारे में जानकारी
सोलन| क्षयरोग(टीबी) के संबंध में मंगलवार को क्षय केंद्र सोलन की स्वास्थ्य टीम ने जाडला गांव में जागरुकता शिविर लगाया। इसमें लोगों को इस बीमारी की रोकथाम एवं उपचार की संपूर्ण जानकारी दी गई। वरिष्ठ ट्रीटमेंट सुपरवाइजर खेमचंद ने लोगों को टीबी बीमारी के लक्षणों से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि अधिक खांसी, बुखार, वजन घटना, शरीर में गांठें होने पर सभी को सजग रहना चाहिए। उन्होंने टीबी का शक होते ही इसके उपचार एवं रोकथाम पर सरकारी अस्पतालों में दी जा रही निशुल्क सेवाओं का लाभ उठाएं। एचआईवी-टीबी सुपरवाइजर राजीव ने इस बीमारी को समाज से उखाड़ फेंकने पर बल दिया, जिसके लिए लोगों का इसके प्रति जागरूक होना आवश्यक है। विभाग भी इसके लिए निरंतर शिविर लगाता रहता है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी डा. अजय सिंह ने बताया कि एक टीबी रोगी अपनी खांसी से 10-15 अन्य व्यक्तियों को टीबी रोग फैला सकता है। बिना उपचार के ऐसा व्यक्ति दो वर्ष में ही मृत्यु का शिकार हो जाता है।