लणु गांव में चार साल से पेयजल किल्लत
ठियोग| ठियोगकी ग्राम पंचायत क्यारटू के प्रधान लोकेन्द्र चंदेल ने पंचायत के गांव लणु को पिछले चार सालों से पीने के पानी की सप्लाई मिलने पर विभाग के प्रति रोष जताते हुए सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री के आदेशों की भी अनदेखी करने का आरोप अधिकारियों पर लगाया है। पंचायत प्रधान चंदेल के अनुसार इस गांव में ग्रामीण पीने का पानी दो किलोमीटर दूर क्यारल खड्ड से ला रहे थे, लेकिन बरसात के बाद वह पानी भी सूख गया है और अब उसमें कीचड़ बचा है। ग्रामवासी पदमसिंह,भूपराम,श्याम सिंह,विजय सिंह,अमर सिंह आदि ने बताया कि वे लोग गांव में पानी की कमी का मामला लगातार पंचायत और अन्य नेताओं के सामने उठाते रहे हैं, लेकिन चार सालों से उनकी समस्या ज्यूं की त्यूं है। प्रधान ने बताया कि आईपीएच मंत्री स्टोक्स ने गांव के लिए करयाल खड्ड से लणु गांव के लिए उठाऊ पेयजल योजना की डीपीआर बनाने के निर्देश विभाग के अधिकारियों को दे रखे हैं, लेकिन मंत्री के आदेशों पर अभी तक कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने बताया िक वे विभाग के सभी अधिकारियों से मिल चुके हैं और यदि एक सप्ताह के भीतर इस योजना का कार्य शुरू किया गया तो ग्रामीण न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।