- Hindi News
- झूठा प्रमाण पत्र देकर भूमि खरीदने का आरोप
झूठा प्रमाण पत्र देकर भूमि खरीदने का आरोप
चंडीगढ़के एक व्यक्ति की ओर से कृषक का झूठा प्रमाणपत्र देकर 1994 में ठियोग में जमीन खरीदने का मामला सामने आया है। ठियोग के डीएसपी रतन सिंह नेगी के अनुसार ठियोग पुलिस थाना में 7 दिसंबर को कर्नल एसएस मुलतानी नामक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि चंडीगढ़ निवासी राजेन्द्र जैन ने 1994 में ठियोग राजस्व विभाग को झूठा कृषक प्रमाण पत्र देकर ठियोग के गलुकलां में जमीन खरीदी। शिकायतकर्ता के अनुसार राजेन्द्र के परदादा की हिमाचल में जमीन थी जो उनके दो दादाओं में बंट गई थी और राजेन्द्र के पिता के नाम प्रदेश में कोई कृषि भूमि नहीं थी। राजेन्द्र पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने 1994 में ठियोग में जमीन खरीदी और उस समय उसने जो कृषक प्रमाण पत्र पेश किया वह झूठा था क्योंकि उसके नाम प्रदेश में कहीं पर भी कृषि भूमि नहीं थी। उन पर अपने परदादाओं की भूमि के आधार पर झूठा कृषक प्रमाण पत्र हासिल करने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार ठियोग में ली गई जमीन का इंतकाल होने के बाद राजेन्द्र को ठियोग से कृषक प्रमाण पत्र मिल गया। इसके आधार पर उसने पांवटा साहब में जमीन खरीदी है। ठियोग के डीएसपी रतन सिंह नेगी ने बताया कि इस मामले में आरोपी के विरुद्ध धारा 420 ओर 120बी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और इस मामले की विस्तृत छानबीन की जा रही है।