बिलासपुर। वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने कहा कि ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार कारगर कदम उठा रही है। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे वनों की सुरक्षा तथा उनका क्षेत्रफल बढ़ाने पर विशेष ध्यान दें।
इस बरसात के मौसम में लगाए गए पौधों की जीवित दर सुनिश्चित करने के लिए भी कारगर कदम उठाए जाएं। ठाकुर सिंह भरमौरी ने मिड हिमालय प्रोजेक्ट के अधिकारियों को निर्देश दिए कि परंपरागत तालाबों का जीर्णोद्धार तथा सौंदर्यीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि वनों के अधीन जिले के सुंदर स्थलों को पर्यटन के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे। इससे पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिल सकेंगे। उन्होंने राजघाटी व दयोथ में लोगों की समस्याएं भी सुनीं।
इससे पहले राज्य योजना विकास के अध्यक्ष रामलाल ठाकुर ने वन मंत्री का स्वागत किया। उन्होंने इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए युवक व महिला मंडलों तथा स्वयंसेवी संस्थाओं को इसके साथ जोड़ने का सुझाव दिया। इस मौके पर कंजरवेटर फॉरेस्ट अनिल ठाकुर, डीएफओ एसके सरवाटा, मिड हिमालय प्रोजेक्ट के आरपीडी समीर रस्तोगी, डीएफओ एके आनंद, जिला फेडरेशन अध्यक्ष शंकर सिंह, बीडीसी सदस्य अनंत राम व सीमा ठाकुर, हिम जन सहयोग संस्था के अध्यक्ष दीपचंद, नम्होल पंचायत उप प्रधान हरीलाल ठाकुर व घ्याल के उपप्रधान पदमदेव आदि मौजूद थे।
फोटो- दयोथ में रेस्ट हाऊस का उद्घाटन करते वन मंत्री व साथ में रामलाल ठाकुर।