पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 11 Million Ransom Extracted From The Ground,Crime News, Himachal

जमीन से निकाले 11 लाख, पुलिस कर रही है पूरे मामले की जांच

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

लुधियाना/हमीरपुर। कारोबारी हरमिंदर बरारा के बेटे मुनीष बरारा अपहरण मामले में मंगलवार को बड़सर (हिमाचल प्रदेश) पुलिस ने बाबा बालक नाथ मंदिर के पास दलचेहड़ा जंगल में जमीन खोदकर 11 लाख 2 हजार रुपए की नकदी बरामद की है। एक दिन पहले भी पुलिस ने पकड़े गए साहिल चंदेल के पास से 9 लाख रुपए रिकवर किए थे। अब तक अकेले साहिल से ही 4 करोड़ 81 लाख रुपए बरामद किए जा चुके हैं। 19 लाख रुपए अभी भी रिकवर होने बाकी हैं। आरोपी साहिल 26 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर है।

धोड़ीधबीरी खड्ड में फेंकी थीं नंबर प्लेट्स
जिस ऑल्टो कार से पुलिस ने करोड़ों रुपए बरामद किए हैं उस कार पर मौके पर नंबर प्लेट्स नहीं थीं। आरोपी साहिल ने अब पुलिस को बताया है कि लुधियाना से वह नंबर प्लेट्स लगी कार में ही आया था। दियोटसिद्ध में प्लेट्स खोलकर उसने इन्हें धोड़ीधबीरी के पास एक खड्ड में फेंक दिया था। पुलिस टीम ने मौके पर जाकर प्लेट्स ढूंढी हैं। लेकिन अभी तक वह उन्हें नहीं मिली हैं।

आरोपी अमित भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
लुधियानात्न कारोबारी के बेटे मुनीष बरारा के अपहरण के मामले में लुधियाना सीआईए स्टाफ ने आरोपी अमित उर्फ भोलू को भी गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को दो साल पहले हुए एक मर्डर मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी को खन्ना पुलिस किडनैपिंग के मामले में प्रोडक्शन वारंट पर लेकर जाएगी। पुलिस ने आरोपी से हेड कांस्टेबल की वर्दी भी बरामद कर ली है। खन्ना पुलिस ने मुख्यारोपी गुरु अर्पण को भी प्रोडक्शन वारंट पर ले लिया है। पुलिस ने आरोपी गुरु अर्पण, दीपाली, सोनू व अन्य दो आरोपियों को अदालत में पेश कर 25 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर लिया है।

दिल्ली भाग गए थे अमित व साहिल
लुधियाना पुलिस कमिश्नर परमजीत सिंह गिल के अनुसार आरोपी अमित व साहिल हमीरपुर से पुलिस को चकमा देकर दिल्ली भाग गए थे। पुलिस की ओर से लगातार पीछा किए जाने से आरोपी साहिल वापस हमीरपुर चला गया, जहां वह पुलिस के हत्थे चढ़ा। वहीं अमित को लुधियाना पुलिस ने ट्रैप लगा कर गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के अनुसार अमित की राजनैतिक पहुंच को देखते हुए ही किंगपिन गुरु अर्पण ने किडनैपिंग में उसे अपने साथ रखा था ताकि जरूरत पडऩे पर अमित उनके काम आ सके।