- Hindi News
- क्षतिग्रस्त सड़कों की हालत एक महीने में सुधारें : सीएम
क्षतिग्रस्त सड़कों की हालत एक महीने में सुधारें : सीएम
मुख्यमंत्रीवीरभद्रसिंह ने अधिकारियों को फोरलेन सड़क परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में जिन सड़क मार्गों को क्षति पहुंची है, उन सभी सड़कों की मरम्मत का कार्य एक महीने की अवधि में पूरा करें। उन्होंने सोमवार को कीर्तपुर-मनानी और परवाणु-शिमला राष्ट्रीय उच्च मार्ग फोरलेन परियोजना के लंबित मामलों पर चर्चा करते हुए कहा कि जब तक कीर्तपुर-मनाली फोरलेन परियोजना का कार्य पूरा नहीं हो जाता भारतीय राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण वर्तमान एनएच-21 का रखरखाव करेगा। प्राधिकरण के अधिकारियों ने सुझाव दिया कि वे इस कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग को पर्याप्त धन राशि देने के लिए तैयार हैं। विभाग को इस पुराने राष्ट्रीय उच्च मार्ग के रखरखाव का कार्य करना चाहिए। हालांकि मुख्यमंत्री का कहना था कि यह प्राधिकरण का उत्तरदायित्व है कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग-21 का रखरखाव स्वयं करें। भारतीय राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण ने मांग की कि सड़क निर्माण के लिए सामग्री की ढुलाई और क्रशर स्थापित करने के लिए प्राधिकरण को अल्पावधि के परमिट जारी किए जाएं।
इन परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण के संबंध में निर्णय लिया गया कि संबंधित जिलों के उपायुक्त भूमि संबंधी मामलों की सुनवाई की मध्यस्थता करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि फोरलेन परियोजना के तहत सड़क की चौड़ाई सभी जगह एक समान होनी चाहिए। भारतीय राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण को वन स्वीकृति अधिनियम के अंतर्गत प्रमाण पत्र जारी करने के लिए उपायुक्त सहयोग देंगे।