- Hindi News
- शिमला ग्रामीण में खुलेगा मल्टीपर्पज वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर: विक्रमादित्य
शिमला ग्रामीण में खुलेगा मल्टीपर्पज वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर: विक्रमादित्य
युवाकांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सरकार ने राज्य के समान विकास को गति दी है। ग्रामीण क्षेत्रों को सड़कों से जोड़ा जा रहा है। स्वास्थ्य, शिक्षा रोजगार जैसे मूलभूत सुविधाएं लोगों को उनके घर द्वार मिले इसके पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के विधानसभा चुनाव क्षेत्र शिमला ग्रामीण में दो दिवसीय दौरे के पहले दिन जुब्बड़हट्टी टुटू के आस पास के क्षत्रों में लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि उन की समस्याओं को सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र को आदर्श विधानसभा बनाने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। शिमला के साथ सटे होने की वजह से इस क्षेत्र का और भी अधिक महत्व है। ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाएं लोगों को मिले, इसी से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का शहरी क्षेत्र की ओर बढ़ता पलायन भी काफी हद तक थम सकता हैं। विक्रमादित्य सिंह ने लोगों को आश्वासन दिया कि वह उनकी मांगों को दृढ़ता से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समक्ष रखेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक के मल्टीपर्पज वोकेशनल ट्रेंनिग सेंटर को शिमला ग्रामीण में खोला जाएगा। उन्होंने युवाओं की तरफ से इस के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि जल्द ही इस के लिए जमीन का चयन कर दिया जाएगा। यहां खाद्य एवं फल उत्पादन से संबंधित ट्रेनिंग दी जाएगी।
इस अवसर पर उनके साथ शिमला ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्र शेखर शर्मा, कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदीप वर्मा, जिला शिमला कांग्रेस कसुम्पटी के उपाध्यक्ष नीम चंद वर्मा, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिता शर्मा, प्रमोद शर्मा,जगदीश, राजेश शांडिल, कुसुम वर्मा, श्रीकांत, राम लाल ठाकुर, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष उतम सिंह सहित अन्य भी मौजूद थे।