- Hindi News
- रेड डी हिमालय रैली 4 अक्टूबर से, 6 दिन में 1650 किमी का सफर तय करेंगे राइडर
रेड डी हिमालय रैली 4 अक्टूबर से, 6 दिन में 1650 किमी का सफर तय करेंगे राइडर
16वीं रेड-डी-हिमालय रैली इस बार 4 अक्टूबर को शुरू होगी। राइडर 1650 किलोमीटर के सफर में 4000 मीटर के कठिन मार्गों से होते हुए लगभग 11 दर्रों को पार करंेगे। इस साल रेड-डी-हिमालय कुछ ऐसे क्षेत्रों से गुजरेगी, जहां तापमान शून्य से 20 डिग्री नीचे चला जाता है, ऐसे में यह और भी रोमांचक होगी। रैली 4 अक्टूबर को होटल पीटर हाॅफ शिमला से रवाना होगी। बुधवार को अतिरिक्त मुख्य सचिव युवा सेवाएं और खेल वीसी फारका ने प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की। प्रतियोगिता के दौरान किसी भी प्रकार की संभावित आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा हैलीकॉप्टर सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएगी। इस मौके पर युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के निदेशक कमल शर्मा, नगर निगम आयुक्त अमरजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक शिमला डी.डब्ल्यू नेगी, सुरेंद्र वर्मा, एसएस नेगी, अश्वनी शर्मा, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी शिमला डीके रतन, विजय परमार के अलावा पुलिस, सूचना एवं जन संपर्क, अािद विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
रैली का पहला चरण शिमला से शुरू होकर 5 अक्टूबर को मनाली में खत्म होगा। दूसरा चरण 6 अक्टूबर को मनाली से शुरू होगा और कुंजुम ला से गुजर कर काज़ा में रुकेगा। प्रतियोगिता का तीसरा चरण 7 अक्टूबर को काज़ा से शुरू होकर कौमिक, धनकर से गुजरते हुए दोबारा काज़ा में आकर रुकेगा। चौथा चरण काज़ा से आरंभ होकर ग्रामफू, दारचा से गुजरकर 8 अक्टूबर को शारचू में विश्राम करेगा। 16वीं रेड-डी-हिमालय का पांचवां चरण शारचू से आरंभ होकर दबरिंग, डाट से होकर 9 अक्टूबर को शारचू पहुंचेगा। फारका ने कहा कि प्रतियोगिता का छठा चरण 10 अक्टूबर को शारचू से आरंभ होकर केलांग से होते हुए वापस मनाली पहुंचेगा। यह प्रतियोगिता 10 अक्टूबर को संपन्न होगी और 11 अक्टूबर को मनाली में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा।