कबड्डी में बिलासपुर-धर्मशाला फाइनल में
ठियोगकालेज में चल रही इंटर कालेज कबड्डी प्रतियोगिता में शनिवार को बिलासपुर और धर्मशाला कालेज की टीमें फाइनल में पहुंचीं। सेमी फाइनल में धर्मशाला ने ठियोग को 34-10 के भारी अंतर से और पिछले साल की चैंपियन बिलासपुर कालेज की छात्राओं ने आरकेएमवी शिमला की टीम को एकतरफा मैच में 49-10 के अंतर से हराया। फाइनल में पहुंची इन दोनों टीमों ने शानदार कबड्डी का प्रदर्शन किया। इस टीम में शामिल अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों धर्मशाला की रितु नेगी, देविका, पदमा और बिलासपुर की प्रियंका ने शानदार खेल दिखाया। इससे पूर्व तीन बजे तक हुए मैचों के बाद ठियोग धर्मशाला, बिलासपुर और आरकेएमवी शिमला की छात्राएं सेमी फाइनल में पहुंच गईं। इससे पहले दूसरे राउंड के मैचों में मंडी ने सुंदर नगर को 16-14 से, जुखाला ने सुन्नी को 31-18 से, सुन्नी ने शिलाई को 46-32 से, बिलासपुर ने नालागढ़ को 56-16 से धर्मशाला ने मंडी को 38-14 से और ठियोग ने शिलाई को 43-34 से हराया। शनिवार शाम को ही दोनों सेमीफाइनल खेले जाएंगे और फाइनल रविवार को होगा। पहला मैच तीसरे स्थान के लिए ठियोग और आरकेएमवी के बीच रविवार को होगा। इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता का समापन सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स करेंगी।
कबड्डी टूर्नामेंट में जुखाला की राइडर को पकड़तीं छात्राएं।