- Hindi News
- फीस वृद्धि को सौंपी रिपोर्ट हो सार्वजनिक
फीस वृद्धि को सौंपी रिपोर्ट हो सार्वजनिक
शिमला|कम्युनिस्ट पार्टी(मार्क्सवादी) ने फीस वृद्धि को लेकर गठित कमेटी की रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग की है। माकपा का आरोप है कि उच्च शिक्षण संस्थानों में हुई भारी फीस वृद्धि मामले में सरकार की नीयत साफ नहीं है। वह इस मुद्दे पर स्वयं गठित उच्च स्तरीय समिति की रिपोर्ट को भी दो माह से दबाए बैठी है और इसे सार्वजनिक करने तक से बच रही है। माकपा की शिमला लोकल कमेटी के सचिव विजेंद्र मेहरा का कहना है कि उच्च शिक्षण संस्थानों में काफी अधिक फीस वृद्धि के कारण राज्य की अधिकांश आबादी अपने बच्चों को कालेजों एवं विवि की शिक्षा दिलाने से वंचित हो गई है। छात्र संगठनों एवं आम जनता के दबाव में सरकार ने इस मामले में न्यायाधीश वीके शर्मा की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति गठित की थी। आम जनता से सुझाव लेने के बाद समिति ने अपनी सिफारिश भी दो माह पूर्व सौंप दी, लेकिन सरकार ने इस रिपोर्ट को भी दबा दिया। उनका कहना है कि सरकार ने समिति की रिपोर्ट आने के बाद मंत्रिमंडल की बैठकों में और ही विधानसभा सत्र में इस मुद्दे पर कोई चर्चा की। ऐसे में वह इसको लेकर आंदोलन करेंगे।