सरकार के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन
घुमारवीं| शिमलामें भाजपा कार्यालय पर हमले के विरोध में धरने-प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। वीरवार को घुमारवीं भाजपा ने उपमंडल मुख्यालय में प्रदर्शन किया। भाजपा के प्रदेश महासचिव एवं नयनादेवी के विधायक रणधीर शर्मा की अगुवाई में हाथों में बैनर तथा सरकार विरोधी तख्तियां उठाए नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली। उन्होंने भाजपा कार्यालय पर हमले के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए रणधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गई है। कांग्रेस सरकार अपने राजनीतिक विरोधियों को प्रताड़ित परेशान करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है। अब तो गुंडागर्दी का सहारा भी लिया जाने लगा है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह की अगुवाई में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा शिमला में भाजपा कार्यालय पर किया गया हमला तोड़फोड़ इसका जीता-जागता प्रमाण है। इस हमले को सरकार कांग्रेस का पूरा संरक्षण प्राप्त था। इसी वजह से दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इससे पहले घुमारवीं रेस्ट हाउस में घुमारवीं भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन भी किया गया। इसमें मंडल कार्यकारिणी के साथ ही बूथ अध्यक्षों बूथ पालकों ने भी भाग लिया। बैठक में संगठन की मजबूती के साथ ही सदस्यता अभियान जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। इस मौके पर पूर्व विधायक केडी धर्माणी तथा राजेंद्र गर्ग, महेंद्र धर्माणी, राकेश चोपड़ा, विक्रम शर्मा, ऊषा ठाकुर, जोरावर सिंह, नवीन शर्मा प्रेमसागर भारद्वाज समेत कई अन्य कार्यकर्ता पदाधिकारी मौजूद थे।
शिमला भाजपा कर्यालय पर हमले के विरोध में घुमारवीं में रैली निकालकर प्रदर्शन करते भाजपाई।