- Hindi News
- संयुक्त टीम ने किया पट्टी रेहाणा और बड़ागांव का दौरा
संयुक्त टीम ने किया पट्टी-रेहाणा और बड़ागांव का दौरा
शिमला | नगरनिगम और आईपीएच विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से पट्टी-रेहाणा और बड़ागांव का दौरा किया। इन क्षेत्रों में कंगनाधार से निकलने वाली सीवरेज लाइन बड़ागांव को जाने वाली कूहल में मिल रही है जिसके कारण गंदगी लोगों के खेतों में जा रही है इस वजह से लोगों को चर्मरोग की भी शिकायतें सामने आई हैं। नालों का गंदा पानी भी खेतों में जाकर सब्जी की फसल को खराब कर रहा है। टीम ने मौके का मुआयना करके समस्या के बारे में पूरी जानकारी ली। इस दौरान नगर निगम के एसडीओ राजेश कश्यप, जेई गोपेश बहल, फिटर नरेश, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग से जेई कमल जोगटा और सुपरवाइजर टेकचंद तथा किसान सभा की ओर से कसुम्पटी एरिया कमेटी के सचिव जयशिव ठाकुर और सत्यवान पुंडीर शामिल रहे। मौके पर लगभग 40 की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। उक्त टीम में गांव के क्षेत्र में खुली पड़ी सीवरेज और गंदे पानी की नालियों का मुआयना किया।
मेयरको दिया था ज्ञापन
किसानसभा क्षेत्रीय कमेटी के सचिव जयशिव ठाकुर ने कहा कि पिछले कई सालों से पट्टी-रेहाणा और बड़ागांव के किसान निगम और संबंधित विभागों से इस मामले को उठा रहे थे परंतु कोई कार्रवाई नहीं हो पाई थी। उन्होंने कहा कि 31 जनवरी को किसान सभा के बैनर तले स्थानीय लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल नगर निगम महापौर से मिला था और उन्होंने इस मामले में कार्रवाई के आदेश दिए थे। स्थानीय लोगों ने मुआयने पर आई टीम को बताया कि सूर्यनगर में लोग कूड़ा और घर का गंदा पानी खुले में डाल रहे हैं। खासतौर पर वहा के कुछ बाशिंदे अपने घर का कूड़ा और गंदा पानी खुला छोड़ देते हैं जिससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। लोगों ने शिकायत की कि उनसे पूछे बगैर सीवरेज की पाइपें उनकी ज़मीनों से निकाली गई हैं।
सरकार नहीं कर रही समस्या पर गौर:मेयर
मेयरसंजय चौैहान ने कहा कि नगर निगम के अंदर आने वाले क्षेत्र तक तो निगम नालों और सीवरेज लाइन का रखरखाव करता है परन्तु पंचायत क्षेत्र उनके दायरे में आने से रखरखाव में दिक्कत रही है। उन्होंने कहा कि इस बाबत सरकार को प्रस्ताव भेजा गया था कि निगम को नालों की चैनेलाइजेशन के लिए बजट मुहैया करवाया जाए परन्तु सरकार ने निगम के प्रस्ताव पर कोई गौर नहीं किया जिसके कारण दिक्कत रही है।