महासू वैली में एंटी हेलगन लगाने की मांग
शिमला|महासू वैलीबैह गांव सेवानिवृत्त कर्मचारी एसोसिएशन की तरफ से सेब फसल बीमा योजना को लेकर लगाए गए शिविर में बागवानों में खासा उत्साह देखने को मिला। शिविर में बागवानों को सेब फसल बीमा योजना की जानकारी के अलावा सेब उत्पादन से लेकर अन्य जानकारियां उपलब्ध करवाई गई। एसोसिएशन ने बीते रविवार सोमवार को प्रेमनगर, महासू बखोल में शिविर आयोजित किए। इनमें बड़ी संख्या में बागवान शामिल हुए। एसोसिएशन के अध्यक्ष बालकराम चौहान का कहना है कि शिविरों में बागवानों को बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों से मिलाया गया। एसोसिएशन के महासचिव बेलीराम चौहान का कहना है कि शिविर में शामिल बागवानों ने सरकार से महासू वैली में एंटी हेलगन लगाने की मांग की है। इस बारे में जल्द ही एसोसिएशन इलाके के जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर बागवानी मंत्री से मिलेगा। संगठन 18 दिसंबर को महासू मंदिर के समीप एक और शिविर लगाएगा। इस शिविर में बागवानी विशेषज्ञ वैज्ञानिक बागवानों को सेब उत्पादन पर महत्वपूर्ण जानकारी देंगे।