वॉलीबाल में सिरमौर ने शिमला को हराया
क्रीड़ासदभाव, प्रेम, सहयोग, नेतृत्व की भावना के साथ-साथ भातृत्व की भावना पैदा करती है। इससे शरीर के विकास के सह बौद्धिक विकास की प्रखरता में वृद्धि होती है। रोजगार के भी अवसर पैदा होते हैं। यह बात निदेशक प्राइमरी शिक्षा अशोक शर्मा ने कही। वह बड़सर में आयोजित चार दिवसीय 31वीं अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता के समापन मौके पर बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को खेलकूद प्रतियोगिताओं में भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लेना चाहिए। इस दौरान राज्य खेल प्रभारी एडीपीओ मस्तराम बड़ियाल, प्रभारी श्रवण कुमार पटियाल,सहायक निदेशक शारीरिक शिक्षा आरसी कौशल, संयोजक प्रिंसिपल विजय कुमार वात्सयान ने बताया कि इस प्रतियोगिता के वॉलीबाल में सिरमौर ने शिमला को 2-1 से हराकर ट्राॅफी पर कब्जा किया। खो-खो में सोलन विजेता सिरमौर उपविजेता रहा। योगा में 538 अंक लेकर हमीरपुर प्रथम, 491 अंकों के साथ सोलन द्वितीय 463 अंकों के साथ सिरमौर तृतीय रहा। समापन मौके पर स्थानीय स्कूल के स्टूडेंटस ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर खूब वाहवाही लूटी। मुख्यातिथि ने विजेताओं को सम्मानित किया। इस मौके पर बड़सर पंचायत प्रधान रतन राणा, एसएमसी अध्यक्ष विशाल राणा, रविंद्र ठाकुर, कुलदीप धीमान, परसराम, राकेश कुमार, नेशनल अवार्डी जगन्नाथ धीमान सहित कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।