- Hindi News
- वित्तीय कुप्रबंधन पर बहस के लिए भाजपा तैयार
वित्तीय कुप्रबंधन पर बहस के लिए भाजपा तैयार
भाजपाप्रदेश महामंत्री विधायक रणधीर शर्मा ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप पठानिया द्वारा प्रदेश में वित्तीय कुप्रबंधन पर सार्वजनिक बहस की चुनौती को स्वीकार किया है। उन्होंने कहाकि भाजपा सार्वजनिक बहस के लिए तैयार है। बीते रोज कुलदीप पठानिया ने रणधीर शर्मा को बहस की चुनौती दी थी। भाजपा ने कहाकि कांग्रेस नेता बहस के लिए स्थान और समय अपनी सुविधा के अनुसार तय करें। कांग्रेस नेता द्वारा प्रदेश की आर्थिकी पर सार्वजनिक बहस की चुनौती एक स्वागत योग्य कदम है, पिछले 2 वर्षों से मुख्यमंत्री अन्य मंत्रीगण इस विषय पर हमेशा बहस से कन्नी काटते रहे हैं। एक सोची समझी रणनीति के तहत कांग्रेसी नेता विधान सभा में भी आर्थिक स्थिति और वित्तीय कुप्रबंधन को लेकर किसी भी बहस को हमेशा टालते रहे हैं, ताकि वह शर्मिंदगी की स्थिति से बच सके।
भाजपा महामंत्री रणधीर शर्मा ने कहाकि भाजपा पिछले लंबे समय से प्रदेश की आर्थिक स्थिति के बारे में श्वेत पत्र जारी करने की मांग कांग्रेस सरकार से करती रही है। कांग्रेस ने हमेशा इस मांग को अस्वीकार किया है। मुख्यमंत्री प्रदेश के खराब आर्थिक हालात का हवाला देकर केंद्र की सरकार से विशेष आर्थिक सहायता का पैकेज मांगते रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस नेता का यह कहना कि प्रदेश के आर्थिक हालात ठीक हैं और भाजपा इस मसले पर गुमराह कर रही है दोहरे मापदंड अपनाने जैसा है।