- Hindi News
- ऊना के पंडोगा, कांगड़ा के कंदरौड़ी में औद्योगिक क्षेत्र
ऊना के पंडोगा, कांगड़ा के कंदरौड़ी में औद्योगिक क्षेत्र
शिमला | हिमाचलप्रदेश के दो औद्योगिक क्षेत्रों को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। राज्य के उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भारत सरकार ने प्रदेश में दो नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास से संबंधित परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि ऊना जिले के पंडोगा और कांगड़ा जिले के कंदरौड़ी में 112-112 करोड़ रुपए के निवेश से इंडस्ट्रियल सेक्टर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपने बजट भाषण में इन औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के संदर्भ में घोषणा की थी। उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इन परियोजनाओं की स्वीकृति के मामले को प्रभावी तरीके से केंद्र सरकार के समक्ष उठाया था। केंद्र ने दिल्ली में हुई उच्चस्तरीय समिति की बैठक में इन परियोजनाओं की स्वीकृति दी। उद्योग मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के लिए अधोसंरचना विकास का कार्य शीघ्र ही शुरू किया जाएगा। इससे औद्योगिक विकास को और गति देने में मदद मिलने के अतिरिक्त युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।