खेल मैदान बनाओ, पार्कों को भी करो ठीक
नगरनिगमको अपने बजट में इस बार युवाओं काे भी प्राथमिकता देनी होगी। इसमें जिम, खेल के मैदान, पार्क समेत अन्य सुविधाओं के लिए खास प्रावधान करना होगा। यह कहना है कि शिमला के युवाओं का। बजट से कारोबारियों को टैक्स फ्री, पूर्व मेयरों को आय बढ़ाने वाला बजट, पार्षदों को अपने वार्डों की तरक्की चाहिए, वहीं युवाओं ने शिमला की एतिहासिक खूबसूरती को बनाए रखने के साथ-साथ यहां पर कई लाभकारी प्रोजेक्ट शुरू करने के लिए भी फंड रखने का सुझाव दिया है।
बजट को लेकर शहर के कुछ युवाओं से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि शिमला शहर युवाओं के लिए जिम की सुविधाएं कम है। निगम को अपने स्तर पर जगह-जगह जिम खुलवाने चाहिए। इसके अतिरिक्त खेल ग्राउंड का निर्माण भी आवश्यक है। जगह का चयन करके यहां पर ग्राउंड बनाने चाहिए। वहीं पार्कों के सौंदर्यकरण रख रखाव पर भी युवाओं ने सुझाव दिया है।
शिमला में सबसे ज्यादा दिक्कत खेल मैदान की है। युवाओं को सड़कों पर खेलने के लिए मजबूर होना पड़ता है। ऐसे में निगम को जगह का चयन करके नए खेल मैदान का निर्माण करना चाहिए। चाहे वह वहां पर इसके लिए फीस भी रख ले।
शहर में स्ट्रीट लाइट, पार्किंग और पानी की समस्या पर निगम को अधिक ध्यान देना होगा। इसके लिए एक चौथाई बजट खर्च करना आवश्यक है। वहीं हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए नए वित वर्ष का बजट तैयार करना चाहिए।
शिमला में सबसे बड़ी समस्या पार्किंग की है। पार्किंगों को दायरा बढ़ाना चाहिए। बजट में नई पार्किंगों के निर्माण को प्राथमिकता देनी चाहिए। इसके अतिरिक्त रोड साइड पार्किंगों के लिए भी शहर में जगह चिन्हित करनी चाहिए।
शहर में पानी की सबसे अधिक समस्या है। यहां पर लोगों को लागत से कम पानी मिल रहा है। निगम को चाहिए कि वह पानी के डिस्ट्रिब्यूशन को ठीक करें। इसके लिए नए स्टाफ की भर्ती करने के लिए भी सरकार से अप्रूवल मांगनी चाहिए।
शिमला एक एतिहासिक सिटी है। इसकी सुंदरता को बनाए रखने के लिए निगम को विशेष प्रावधान करना चाहिए। पर्यटकों स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए जगह-जगह पर पार्क बनाने चाहिए बच्चों को खेलने के लिए झूले लगाने चाहिए।
युवाओं के लिए निगम की ओर से अभी तक कोई जिम नहीं बनाया गया है। वहीं कई निजी जिम सेंटर हैं, जहां पर भारी फीस चुकानी पड़ती है। एेसे में यदि निगम हर वार्ड में एक जिम बनाए तो इससे जहां निगम की आमदनी होगी, वहीं युवाओं को भी लाभ मिलेगा।