- Hindi News
- टीएमपीए एग्जाम में अब नहीं होगा इंग्लिश का पेपर
टीएमपीए एग्जाम में अब नहीं होगा इंग्लिश का पेपर
शिमला |प्रदेश हाईकोर्ट के आदेशों के बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम प्रबंधन ने परिवहन बहुउद्देश्यीय सहायक (टीएमपीए) की परीक्षा का पैटर्न बदल दिया है। परीक्षा का सिलेबस चेंज किए जाने की मांग को लेकर अभ्यर्थी कोर्ट गए थे। कोर्ट ने उनके पक्ष में फैसला सुनाते हुए निगम प्रबंधन को सिलेबस चेंज करने को कहा था। प्रबंधन ने प्रश्न पत्र से अब इंग्लिश को हटाकर सिर्फ गणित, हिन्दी, सामान्य ज्ञान और ट्रैफिक रूल के सिलेबस को शामिल किया है।
इंग्लिश की जगह ट्रैफिक विषय को प्राथमिकता दी है। सामान्य ज्ञान, गणित और हिंदी के पूछे गए प्रश्नों को आसान कर दिया गया है। सामान्य ज्ञान के मार्क्स 25 से बढ़ाकर 50 कर दिए हैं। गणित के मार्क्स 25 से घटाकर 5 किए गए हैं। इसमें अब एलजेब्रा संबंधी प्रश्न नहीं होंगे। हिंदी के मार्क्स 15 से घटा कर 5 कर दिए गए हैं। ट्रैफिक को लेकर पूछे गए सवाल 20 नंबर का होगा।
परीक्षा 19 अक्टूबर को
निगम प्रबंध ने इस परीक्षा की तिथि तय कर दी है। अब यह परीक्षा 19 अक्टूबर को होगी। इससे पहले निगम दो बार इस परीक्षा की तिथि में बदलाव कर चुका है। पहले यह परीक्षा 31 अगस्त 21 सितंबर को ली जानी थी। लेकिन मामला कोर्ट में जाने के बाद निगम को परीक्षा रद्द करनी पड़ी।
680 पदों के लिए यह परीक्षा होगी, जिसमें सामान्य वर्ग के 232, सामान्य बीपीएल के 55, स्वतंत्रता सेनानियों के 07, भूतपूर्व सैनिकों के 61, खिलाड़ियों वर्ग के 20, अनुसूचित जाति के 106, अनुसूचित जाति बीपीएल के 20, अनुसूचित जाति के स्वतंत्रता सेनानियों के 04, अनुसूचित जाति भूतपूर्व सैनिकों के 20, अनुसूचित जनजाति के 20, अनुसूचित जनजाति बीपीएल के 07, अनुसूचित जनजाति स्वतंत्रता सेनानियों के 07, पिछड़ा वर्ग के 85, पिछड़ा वर्ग बीपीएल के 20, पिछड़ा वर्ग स्वतंत्रता सेनानियों के 03 और पिछड़ा वर्ग भूतपूर्व सैनिकों के 13 पद भरे जाने हैं।