- Hindi News
- दो घंटे धरने पर बैठे, प्रशासन ने कहा 31 मार्च तक मांगें होंगी पूरी
दो घंटे धरने पर बैठे, प्रशासन ने कहा 31 मार्च तक मांगें होंगी पूरी
एचपीयूनिवर्सिटी प्रशासन के कोरे आश्वासन के बाद सेवानिवृत्त अधिकारी चौधरी वरयाम सिंह बैंस ने अपना धरना शुरू करने से पहले ही समाप्त कर दिया। मंगलवार को वरयाम सिंह रजिस्ट्रार कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे। उसके दो घंटे के बाद प्रशासन की ओर से उन्हें एक पत्र जारी किया गया कि मांगों को 31 मार्च 2015 तक पूरा कर दिया जाएगा। ऐसे में उन्होंने अपना आंदोलन वापस ले लिया। पूर्व ईसी सदस्य चौधरी वरयाम सिंह बैंस पिछले काफी समय पैंशन पेमेंट ऑर्डर, सचिवालय वेतन और सेवानिवृत कर्मचारियों के वेतन भत्तों को जारी करने की मांग कर रहे हैं। एचपीयू की जेसीसी भी इस मामले को लेकर कई बार प्रदर्शन कर चुकी हैं। जेसीसी का कहना है कि प्रशासन ने पिछले दो महीने में कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से कोई विचार-विमर्श नहीं किया, जो कि कर्मचारियों के साथ धोखा है। जेसीसी अध्यक्ष हितेश्वर ठाकुर और पूर्व ईसी सदस्य चौधरी वरयाम सिंह बैंस का कहना है कि विवि प्रशासन कर्मचारियों की लंबित मांगें पूरी करने में पूरी तरह असफल रहा है और प्रति कुलपति के समक्ष हुए समझौते को भी प्रशासन ने नजर अंदाज कर दिया है।
ये है उनकी मांगें
> इलेक्ट्रिशियन वर्ग लैब स्टाफ से संबंधित जारी अधिसूचना को अविलंब लागू करना।
> 4-9-14 के अंतर्गत कर्मचारियों को सेवा लाभ के साथ जूनियर लाइब्रेरी सहायक, चौकीदार सेवादार और सुरक्षा कर्मियों के पदों पर अति शीघ्र भर्ती करना।
> एचपीयू के कर्मचारियों की देनदारियां दी जाए, यह लगभग 63.28 करोड़ है।
> सचिवालय वेतन भत्ता जारी किया जाए।
> स्टाफ की कमी को पूरा किया जाए, कर्मचारियों पर काम का बोझ बढ़ रहा है।
> अधिकारी वर्ग के 12 पद खाली है, इन्हें भरा जाए। पदोन्नतियों का लाभ प्रदान किया जाए।
> कर्मचारियों को आवास सुविधा प्रदान की जाए।