हड़ताल तो खत्म कर दी पर नहीं हुई ट्रकों की डिमांड
बरमाणा| मुख्यमंत्रीवीरभद्र सिंह के हस्तक्षेप के बाद पूर्व सैनिक एवं आश्रित ट्रक ऑपरेटरों ने मांगों को लेकर की जा रही हड़ताल भले ही खत्म कर दी हो, लेकिन इसके बावजूद शनिवार को डिमांड नहीं हो पाई। शिमला में सीएम से मुलाकात के बाद लिए गए फैसले के आधार पर ऑपरेटर शनिवार को बरमाणा पहुंच गए, लेकिन डिमांड हॉल में गाड़ियों की पुकार नहीं हुई। डिमांड करने के बजाए पूर्व सैनिक निगम की ओर से उन्हें एसीसी फैक्टरी को हुए नुकसान की भरपाई करने तथा भविष्य में हड़ताल करने की शर्तों के साथ नोटिस थमा दिए गए। ऑपरेटरों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए चेताया है कि यदि रविवार को भी डिमांड नहीं हुई तो निगम के अधिकारियों का घेराव किया जाएगा। पूर्व सैनिक एवं आश्रित ट्रक ऑपरेटर संघर्ष समिति के संयोजक तिलकराज ठाकुर ने कहा कि ऑपरेटर मांगों को लेकर बीते 10 दिनों से हड़ताल कर रहे थे। गत शुक्रवार को युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह की अगुवाई में उन्होंने शिमला में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मुलाकात की।