महाशय ज्वैलर्स में तीन कर्मी िमलीभगत से करते थे चोरी
शिमला| सदरपुलिस थाना के तहत ज्वैलरी के एक शोरूम में चोरी का मामला प्रकाश में आया है। दुकान से सोना और कैश उड़ाने वाले शोरूम के ही तीन कर्मचारी निकले। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शोरूम से उड़ाया सोना और नकदी बरामद कर ली है। पुलिस के मुताबिक महाशय ज्वैलर्स के शोरूम से सोना और कैश लंबे समय से चोरी हो रहा था।
शोरूम मालिक को इसके बारे में पता तो था लेकिन हाथ में सुबूत होने से कुछ नहीं कर पा रहे थे। बताया जाता है कि मंगलवार को मालिक ने कर्मचारियों को सोना चुराते देख दिया। उन्होंने इस बारे में पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने शक के आधार पर दुकान में काम करने वाले सरकाघाट के सुरेश कुमार, प्रवीण और वेस्ट बंगाल के प्रदीप से गहन पूछताछ की तो तीनों ने अपराध कबूल कर लिया। शक के अाधार पर पुलिस ने छोटा शिमला से एक कर्मचारी के क्वार्टर से एक किलो 200 ग्राम सोना, आधा किलो चांदी और दस हजार कैश बरामद किया। एसपी डीडब्ल्यू नेगी ने मामले की पुष्टि की है।
शिमला| शहरके पंथाघाटी के रहने वाले एक व्यक्ति को शातिर ठग ने हजारों रुपए की चपत लगा दी। शातिर ने पहले फेसबुक पर रिक्वेस्ट भेजकर उसे दोस्त बनाया और बाद में ठगी कर हजारों रुपए ऐंठ लिए। शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस थाना छोटा शिमला में यह मामला दर्ज हुआ है। पुलिस के मुताबिक पंथाघाटी में रह रहे टाशी पालमाे को फेसबुक पर एक व्यक्ति ने फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी, जो उन्होंने एक्सेप्ट कर दी। दोनों में चैटिंग शुरू हुई। 20 जनवरी को शातिर ठग ने टाशी पालमो को कॉल किया और कहा कि वह एक शॉपिंग मॉल में काम करता है। उसने टाशी को करीब दस हजार रुपए की राशि का सामान भेजने की बात कही। 23 को फिर कॉल आया कि सामान का बॉक्स दिल्ली पहुंच गया है और 30 हजार रुपए अकाउंट में जमा करवाने को कहा। इस राशि को जमा करने के बाद ही सामान रिलीज होगा। शातिर के कहे अनुसार पालमो ने दो फरवरी को उक्त राशि उसके बताए अकाउंट में जमा करवा दी, मगर उसे सामान नहीं पहुंचा। एसपी डीडब्ल्यू नेगी ने मामले की पुष्टि की है।