कैपिटल-अनाडेल सड़क 7 दिन बंद
अनाडेल से कैपिटल होटल वाया पुलिस लाइन कैथू जाने वाली सड़क हफ्ते भर के लिए बंद कर दी गई है। दरअसल, पुलिस लाइन में आवासीय काॅलोनी के पास इन दिनों डंगे का निर्माण शुरू किया गया है, इस कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।
नगर निगम ने लोगों से अनाडेल-कुमार हाउस रोड को इस्तेमाल करने की अपील की है। जानकारी के मुताबिक पुलिस लाइन कैथू में आवासीय काॅलोनी के पास डंगा ढह गया था। उसके बाद निगम ने टेंपरेरी तौर पर डंगा लगाकर सड़क को बहाल किया था। अब बजट की व्यवस्था हो जाने पर निगम यहां पर पक्का डंगा लगवा रहा है, ताकि इस पर किसी हादसे की आंशका ही रहे।
नहीं होगी वाहनों की आवाजाही: नगरनिगम के सहायक आयुक्त प्रशांत सरकैक ने बताया कि निगम ने डंगे का काम शुरू करवा दिया है। इस कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही नहीं हो पाएगी। सड़क को हफ्ते भर के लिए बंद कर दिया गया है, ताकि काम सुचारु रूप से चल सके। मौसम का साथ रहा तो निर्धारित अवधि के अंदर काम समाप्त हो जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि आने जाने के लिए अनाडेल कुमार हाउस सड़क का उपयोग करें। जैसे ही डंगे का काम पूरा हो जाएगा, सड़क को आवाजाही के लिए बहाल कर लिया जाएगा। जब तक डंगा नहीं लग जाता है, तब तक लाेग उक्त सड़क का इस्तेमाल कर निगम को कार्य में सहयोग करें।