पीलिया मामले में दोषियों पर होगी कार्रवाई: कांग्रेस
जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के प्रवक्ता बलविंदर कंवर ने कहा कि भाजपा के लोग जो सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रह हैं वास्तव में वे लोग सच्चाई से अनभिज्ञ हैं, इसलिए वह इस तरह की मनगढ़ंत बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और मामले में बचे हुए आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस भाजपा नेताओं से पूछना चाहती है कि वर्ष 2007 में भाजपा सरकार के समय में भी शिमला शहर में पीलिया से काफी लोग ग्रसित हुए थे तो आपने उस समय तत्कालीन सरकार ने क्या कदम उठाए थे और कितनी वार पानी के सैंपल की जांच करवाई थी और कितने लोगों पर उस समय कार्रवाई की गई थी। उन्होंने कहा वर्ष 2007 में भी शिमला शहर से भाजपा के ही विधायक थे और वर्तमान समय में भी शिमला शहर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा का ही विधायक है और शिमला शहर जिला कांग्रेस के लोग यह भी जानना चाहते हैं कि शहर के विधायक की इस विषय पर क्या भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार ने पीलिया के विषय पर ऐतिहासिक कदम उठाए है, जिसके तहत दोषी पाए गए ठेकेदारों और अधिकारियों को दंडित किया गया है और आने वाले समय में भी अगर कुछ और लोग भी इस मामले में दोषी पाए जाते है तो सरकार उन पर कडी़ कार्रवाई करेगी।