जल्द मिलेगी साइकिल स्टैंड की सुविधा
शहरमेंसाइकलिंग को प्रमोट करने की दिशा में नगर निगम की मुहिम जल्द सिरे चढ़ने वाली है। जगह चयनित करने के बाद निगम ने साइकिल स्टैंड के निर्माण की कवायद तेज कर दी है। एक पखवाड़े के अंदर शहर में तीन साइकिल स्टैंड तैयार हो जाएंगे। यह स्टैंड सीटीओ चौक, लक्कड़ बाजार और लिफ्ट के पास बनाए जा रहे हैं।
स्टैंड बनने के बाद लोग इसमें साइकिल बिना किसी टेंशन के रख सकेंगे। वर्तमान में शहर के भीतर साइकिल के लिए इस तरह की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। नगर निगम ने पहली बार ऐसे प्रयास किए हैं। निगम का मानना है कि साइकिल स्टैंड बनने से जहां साइकलिंग प्रमोट होगी, तो वहीं यह कदम प्रदूषण मुक्त सिटी की दिशा में अहम साबित होगा। नगर निगम द्वारा जुटाए आंकड़ों के मुताबिक शहर में तकरीबन साढ़े चार सौ लोग साइकिल का इस्तेमाल करते हैं। इनमें कई ऐसे लोग भी हैं, जो कि साइकिल पर आॅफिस आते हैं। मगर अलग से स्टैंड होने के कारण लोगों को अपनी साइकिल भगवान भरोसे सड़क किनारे छोड़नी पड़ती है। कई बार शरारती तत्व साइकिल से छेड़छाड़ करते हैं और चैन भी उड़ा लेते हैं, लेकिन स्टैंड पर लोगों को सुरक्षा को लेकर चिंता नहीं रहेगी।
निगम के डिप्टी मेयर टिकेंद्र पंवर ने माना कि तीन साइकिल स्टैंड का निर्माण आरंभ कर लिया गया है। उम्मीद है कि ठेकेदार एक पखवाड़े के भीतर काम को पूरा करेगा। जिसके बाद लोगों को साइकिल स्टैंड की सुविधा जल्द उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि इन तीन के अलावा निगम की समरहिल, संजौली समेत अन्य जगहों पर भी साइकिल स्टैंड के निर्माण की योजना है। इसके साथ ही साइकलिंग ट्रैक बनवाने के बारे में भी नगर निगम विचार कर रहा है। जिससे कि साइकिल चलाने वालों को अलग से ही ट्रैक मिल सके। ट्रैक निर्माण के बारे में वित्त वर्ष 2016-17 के लिए पेश किए जाने वाले बजट सत्र में उचित निर्णय लिया जाएगा।