कांग्रेस के नेताओं का वामपंथियों काे समर्थन देना शर्मनाक:भाजपा
हिमाचलप्रदेश भाजपा ने कांग्रेस नेतृत्व विशेषकर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी एवं सांसद राज्यसभा आनंद शर्मा की ओर से जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में जाकर राष्ट्रद्रोही वक्तव्य देने वाले वामपंथी छात्रों की पीठ थपथपाकर उनकी ओर से किए गए राष्ट्रद्रोह का समर्थन करने के लिए कांग्रेस पार्टी की निंदा की है तथा इस कृत्य को शर्मनाक बताया है।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता गणेश दत ने कहा कि अच्छा होता यदि कांग्रेस नेता उग्रवादी को हीरो बताने वाले संगठन को प्रतिबंधित करने की मांग करते, लेकिन राहुल गांधी ने वहां जाकर राष्ट्रभक्त संगठनोंं को राष्ट्रद्रोही कहकर कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व के असली चेहरे को जगजाहिर किया है और इससे कांग्रेस बेनकाब हुई है। पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा जो कभी एबीवीपी के सदस्य रहे हैं वे राहुल गांधी के साथ थे।
राहुल गांधी को कांग्रेस की विचारधारा का पूर्ण ज्ञान नहीं है और कम से कम आनंद शर्मा को तो राष्ट्रद्रोही संगठनों का समर्थन नहीं करना चाहिए था। भाजपा ने कहा कि सारे देश ने जेएनयू के छात्रों की ओर से किए गए राष्ट्रद्रोह को अपनी आंखों से देखा तथा किस प्रकार वे छात्र भारत के विरोध में और पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगा रहे थे उसके बावजूद कांग्रेस का ऐसे छात्र संगठन के पक्ष में खड़ा होना राष्ट्रद्रोह से कम नहीं है। पार्टी ने कहा कि कांग्रेस की वोट की घटिया राजनीति शायद शहीदों, महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू की आत्मा को चोट पहुंचा रही होगी। कांग्रेस को सोचना चाहिए कि क्या ऐसा नेतृत्व जो पाकिस्तान जिंदाबाद और भारत मुर्दाबाद के नारों का समर्थन कर रहा हो क्या वह कांग्रेस को अच्छा नेतृत्व दे सकता है।
इन्होंने भी की निंदा
जिलासिरमौर के भाजपा नेताओं डा. राजीव बिंदल, चंद्रमोहन ठाकुर, बलदेव भंडारी, सुखराम चौधरी, बलदेव तोमर, सुरेश कश्यप, बलबीर चौहान ने राहुल गांधी की ओर से देश द्रोहियों का समर्थन किए जाने को दुर्भाग्य पूर्ण करार देते हुए कांग्रेस पार्टी की मानसिकता को सर्कीण करार दिया। उन्होंने कहा कि देश द्रोहियों के समर्थन में उतरना सीधा-सीधा देशद्रोह के समान है।