एनओसी के बिना दे दिया टाइम टेबल
हिमाचलपरिवहन सर्व कर्मचारी यूनियन ने बिना एनओसी के एक निजी बस को टाइम टेबल उपलब्ध करवाने की शिकायत परिवहन मंत्री से की है।
यूनियन का आरोप है कि आरटीओ शिमला द्वारा एक निजी बस को क्षेत्रीय प्रबंधक की एनओसी के बिना टाइम टेबल दे दिया गया। जबकि स्पष्ट निर्देश है कि क्षेत्रीय प्रबंधक की एनओसी के बिना किसी भी निजी बस को नया रूट परमिट टाइम टेबल नहीं दिया जाएगा। यूनियन के महासचिव खेमेंद्र गुप्ता, प्रधान विद्यासागर, अध्यक्ष चमन सिंह ने आरोप लगाया है कि आरटीओ शिमला के द्वारा बीते दो फरवरी को एक निजी बस को मोटर वाहन अधिनियम-1988 राज्य परिवहन नीति का खुला उल्लंघन करते हुए तथा क्षेत्रीय प्रबंधक से एनओसी लिए बिना सरी-शिमला-लालपानी-तारादेवी रूट पर टाइम टेबल दिया गया है। उनका कहना है कि एेसे में नियमों की अनदेखी कर दिए गए उक्त बस रूट परमिट को रद्द किया जाए।
संबंधित आरटीओ के खिलाफ उठाई कार्रवाई की मांग
यूनियनने परिवहन मंत्री से मांग की है कि संबंधित आरटीओ के विरुद्ध नियमों की अनदेखी करने के लिए विभागीय कार्यवाही अमल में लाई जाए। यदि संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई तथा दिए गए रूट परमिट को तुरंत रद्द नहीं किया जाता है तो कर्मचारियों को आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। जिससे होने वाली किसी भी हानि के लिए प्रबंधन ज़िम्मेवार होगा।