आज ज्वैलरों की होगी हड़ताल
शिमला| वित्तमंत्रालय की ओर से दो लाख से अधिक खरीद पर पैन कार्ड अनिवार्य करने के विरोध में आज आल इंडिया ज्वैलर के साथ शिमला के सभी ज्वैलर भी बंद रहेंगे। ज्वैलर एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र वर्मा, सचिव अतुल तांगरी कोषाध्यक्ष गोपाल वैद्य ने बताया कि वह पैनकार्ड के विरोध में बुधवार को प्रोटेस्ट करेंगे। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्रालय की ओर से दो लाख से अधिक खरीद पर पैन कार्ड अनिवार्य किया गया है, जिससे गोल्ड के कारोबार पर खासा असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि 1 जनवरी 2016 से इसे अनिवार्य किया गया। इस दौरान एक माह में 30 फीसदी तक उनका कारोबार कम हुआ है। उन्होंने कहा कि गोल्ड का कारोबार लाखों रुपए में ही होता है। उनका कहना है कि वह पैनकार्ड या दूसरी आईडी के विरोध में नहीं है। मगर इसकी लिमिट दो लाख से बढ़ाकर 10 लाख की जानी चाहिए।