अब 35 दिन में बनेगा आपका पासपोर्ट
आपकोपासपोर्ट के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय अप्लाई करने के 35 दिन के अंदर अब आपको पासपोर्ट बनाकर देगा। पुलिस रिपोर्ट ऑनलाइन की सुविधा शुरू हो जाने से ऐसा संभव हो पाया है। पहले पासपोर्ट के लिए पुलिस की जो रिपोर्ट लगती थी, उसके आधार पर पासपोर्ट बनने में करीब 60 दिन लगते थे। दरअसल, आवेदक द्वारा पासपोर्ट के लिए अप्लाई करने के बाद पासपोर्ट कार्यालय में पहले उसके डॉक्यूमेंट वैरीफाइ किए जाते थे और फिर फाइल ओके करके पुलिस रिपोर्ट के लिए एसपी कार्यालय भिजवाई जाती थी। फाइल डाक से एसपी के पास भेजी जाती थी। फाइल एसपी कार्यालय पहुंचने और फिर उसके वापस पहुंचने में काफी वक्त लग जाता था, लेकिन अब डॉक्यूमेंट वैरी फाइ करने के बाद पासपोर्ट कार्यालय से एसपी को डाटा ऑनलाइन भेजा जाता है। एसपी संबंधित थाना से आवेदन के चरित्र के बारे में पता करके अब 30 से 35 दिन में रिपोर्ट भेज देते हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद फिर पासपोर्ट बनवा लिया जाता है। पासपोर्ट अधिकारी पीएम सहाय ने माना कि पुलिस रिपोर्ट ऑनलाइन होने के कारण पासपोर्ट बनवाने में अब कम समय लग रहा है। अब 60 दिन के बजाय 35 दिन में पासपोर्ट बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में इस समयावधि में और कमी आएगी। पासपोर्ट के लिए ऑनलाइन अप्लाई करना अनिवार्य है। जिन लोगों के पास इंटरनेट की सुविधा नहीं है, वे लोकमित्र केंद्रों से अपना फार्म भरवा सकते हैं। लोकमित्र केंद्रों के माध्यम से फार्म भरने की सुविधा शुरू किए जाने से आवेदक दलालों के झांसे में आने से बेचेंगे। उन्होंने आवेदकों से अपील की है कि कभी भी पासपोर्ट बनवाने के लिए किसी दलाल के झांसे में आएं। पासपोर्ट अधिकारी ने बताया कि हज के लिए पासपोर्ट आवेदकों की सुविधा के लिए पंथाघाटी में विशेष काउंटर खोला गया है। हज आवेदकों के लिए आरक्षित अप्वाइंटमेंट स्लॉट वीआईपी टोकन का भी प्रावधान किया गया है। वहीं हाजियों की सुविधा के लिए पासपोर्ट कार्यालय में हज अधिकारी की नियुक्ति की गई है। जो कि हाजियों की शिकायतों को सुनेंगे।