पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

गैर हिमाचली अासानी से खरीद सकेंगे प्लाॅट, हिमुडा को मिला पार्टनर

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शिमला. प्रदेश में घर बनवाने के लिए हिमुडा को पार्टनर मिल गए हैं। हिमुडा की लैंड ओनर बिकम पार्टनर विद हिमुडा योजना सिरे चढ़ती नजर आ रही है। हिमुडा की इस योजना से गैर हिमाचली भी अब आसानी से जमीन खरीद सकेंगे।
प्रदेश भर से मिले 20 आवेदन
अभी कोई भी हिमाचली धारा 118 के तहत अपनी जमीन चाहकर भी किसी भी गैर हिमाचली को नहीं बेच सकता है, लेकिन हिमुडा का पार्टनर बनने के बाद वह आसानी से अपनी जमीन गैर हिमाचली को बेच सकेगा। इससे उन लोगों को भी बड़ी राहत मिली है जो प्रदेश में प्लाॅट खरीद कर यहां अपना घर बनाने का सपना देख रहे हैं।
हिमुडा के साथ काम करने को तैयार
इस योजना के तहत प्रदेश भर से कई आवेदन हिमुडा प्रबंधन को मिल चुके हैं। इसमें लोग अपनी जमीन हिमुडा के नाम करके हिमुडा के साथ काम करने को तैयार हैं। हिमुडा को प्रदेश भर से 20 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इसे हिमुडा अपने व लोगों के लिए राहत भरा कदम मान रहा है।
एमओयू किया साइन
पायलट के तौर पर हिमुडा ने एक व्यक्ति के साथ एमओयू साइन कर दिया है। इसमें व्यक्ति ने नाहन में 45 बीघा जमीन हिमुडा के नाम करने का निर्णय लिया है। इसके लिए बाकायदा समझाैता हस्ताक्षर हो गए हैं। जैसे ही यह जमीन हिमुडा के नाम हो जाएगी हिमुडा अपनी अगली प्रक्रिया आरंभ करेगा।
हिमुडा 100 प्लाट तैयार करेगा
हिमुडा के नाम जमीन होते ही दो साल के भीतर हिमुडा प्रबंधन को यहां पर प्लांट व घर बना कर तैयार करने है। बताया जा रहा है कि नाहन में व्यक्ति ने 45 बीघा की जमीन जो हिमुडा के नाम कर रहा है वहां पर हिमुडा 100 प्लाट तैयार करेगा।
जमीन की समस्या हल
हिमुडा द्वारा किए गए डिमांड सर्वे के लोगों को भी इस स्कीम से काफी फायदा मिलेगा। अभी हिमुडा प्रबंधन जमीन की उपलब्धता न हो पाने के कारण जहां घर नहीं बना पा रहा था, वहीं वह लोगों की मांग को भी पूरा नहीं कर पा रहा था। अब उन लोगों को घर दिलाने के लिए हिमुडा को पार्टनर मिल गए हैं, जो आने वाले सालों में हिमुडा की जमीन की समस्या को काफी हद तक दूर करेंगे। हिमुडा ने पहले ही तय किया है कि मकान बनाने के बाद 25 प्रतिशत आरक्षण डिमांड सर्वे के लोगों के लिए रखा है। अब हिमुडा को जमीन न मिलने की समस्या हल हो गई है।
80 फीसदी लाभ लोगों को देगा हिमुडा
योजना के तहत हिमुडा के साथ काम करने पर हिमुडा लोगों को कुल लाभ का 80 प्रतिशत लाभांश प्रदान करेगा, शेष 20 प्रतिशत का शेयर अपने लिए रखेगा। प्रदेश में देखा जाए तो जमीन उपलब्ध न हो पाने के कारण हिमुडा अपने व्यवसाय को नहीं बढ़ा पा रहा था। एक साल पहले तैयार की गई यह योजना अब सिरे चढ़ी है। हिमुडा को इसका अच्छा रिस्पॉस मिल रहा है।
खबरें और भी हैं...