पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

एम्स के लिए 521 बीघा जमीन देने की एनओसी दी, 1200 बीघा भूमि की चिन्हित

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बिलासपुर. बिलासपुर के कोठीपुरा में प्रस्तावित एम्स (ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस) की स्थापना की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ा है। पशु पालन विभाग ने कोठीपुरा के पास अपनी लगभग 521 बीघा जमीन को स्वास्थ्य विभाग के नाम ट्रांसफर करने के लिए एनओसी जारी कर दी है। अब जमीन ट्रांसफर करने का काम सरकार के स्तर पर होगा। लिहाजा जिला प्रशासन ने संबंधित जमीन स्वास्थ्य विभाग के नाम ट्रांसफर करने के लिए एनओसी के साथ ही संबंधित जमीन की नकल जमाबंदी और ततीमा भी एडिशनल चीफ सेक्रेटरी को भेज दिए हैं।
हिमाचल को एम्स का तोहफा
केंद्र की मोदी सरकार ने देश के कई अन्य राज्यों के साथ हिमाचल को भी एम्स का तोहफा दिया है। बिलासपुर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का गृह जिला है, ऐसे में एम्स की स्थापना बिलासपुर में ही करने की आवाज जोरशोर से उठी। प्रदेश सरकार ने भी इस बारे फैसला लेने में देरी नहीं लगाई। इसके लिए कोठीपुरा के पास लगभग 1200 बीघा भूमि चिन्हित कर ली गई है। इसमें से सबसे अधिक 633 बीघा भूमि पशु पालन विभाग की है, जिस पर विभाग का डेयरी फॉर्म भी है। बाकी जमीन वन और राजस्व विभाग के नाम दर्ज है। सरकार के निर्देश पर प्रशासन की ओर से इस जमीन को स्वास्थ्य विभाग के नाम ट्रांसफर करने हेतु संबंधित विभागों से एनओसी के लिए पत्राचार किया गया है।
एसीएस (रेवन्यू) को भेजे दस्तावेज
ताजा घटनाक्रम में पशु पालन विभाग ने कोठीपुरा के पास अपनी लगभग 633 बीघा भूमि में से 521.04 बीघा जमीन को स्वास्थ्य विभाग के नाम ट्रांसफर करने के लिए स्वीकृति दे दी है। एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (एनिमल हसबेंड्री) ने इसकी एनओसी भी जारी कर दी है। लिहाजा इस जमीन को स्वास्थ्य विभाग के नाम करने में अब कोई अड़चन नहीं आएगी। चूंकि 5 बीघा से अधिक जमीन ट्रांसफर करने का अधिकार सरकार के पास है, लिहाजा जिला प्रशासन ने उक्त जमीन की एनओसी के साथ ही नकल जमाबंदी व ततीमा एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (रेवेन्यू) को भेज दिए हैं।
160.05 बीघा जमीन राजस्व विभाग की है
बाकी में से 160.05 बीघा जमीन राजस्व विभाग की है। लिहाजा उसे ट्रांसफर करने में भी कोई अड़चन नहीं आएगी। वहीं, वन विभाग की 435.14 बीघा जमीन ट्रांसफर करने के मामले में गेंद केंद्र सरकार के पाले में है। हालांकि वन भूमि ट्रांसफर करने के लिए कई औपचारिकताएं पूरी करनी पड़ती हैं, लेकिन केंद्र में भाजपा सत्ता में है और जेपी नड्डा केंद्रीय मंत्री हैं। ऐसे में इस जमीन को ट्रांसफर करने के लिए भी ज्यादा जद्दोजहद नहीं करनी पड़ेगी।
अन्य विभागों से भी किया पत्राचार
बिलासपुर के एडीएम डॉ चांद प्रकाश शर्मा ने बताया कि कोठीपुरा में प्रस्तावित एम्स के लिए चिन्हित कुल भूमि में से पशु पालन विभाग ने चंगर पलासीं, नोआ व राजपुरा में स्थित अपनी 521.04 बीघा जमीन को स्वास्थ्य विभाग के नाम ट्रांसफर करने के लिए एनओसी दे दी है। आवश्यक कार्रवाई के लिए यह मामला सरकार को भेज दिया गया है। अन्य विभागों से भी एनओसी के लिए पत्राचार किया गया है।
खबरें और भी हैं...