कुल्लू। दुबई के शारजाह शहर से कुल्लू का बीजू दुनिया के 92 देशों में अपनी छाप छोड़कर वापस लौटा है। जो कुल्लू जिला और हिमाचल प्रदेश ही नहीं बल्कि भारत देश के लिए गौरव की बात है। जिला कुल्लू के वशकोला निवासी बीजू ने शारजाह शहर में हुए सातवें अंतरर्राष्ट्रीय सम्मेलन में भारत देश का प्रतिनिधित्व किया है जो कुल्लू जैसे छोटे जिला के लिए बहुत बड़े गौरव की बात है।
कुल्लू में भव्य स्वागत
बीजू का इस सम्मेलन से लौटने के बाद कुल्लू में भव्य स्वागत किया गया। बीजू की इस उपलब्धि के लिए डीसी कुल्लू राकेश कंवर और उच्च शिक्षा निदेशक जगदीश ने उन्हें टोपी-मफलर व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया है। इस दौरान बीजू के साथ साथ उनके माता पिता का भी फूल मालाओं से स्वागत किया गया।
बीजू का चयन हुआ था
सातवें अंतरर्राष्ट्रीय स्काउट सम्मेलन के लिए बीजू का चयन हुआ था जिसके चलते बीजू ने इस सम्मेलन में भाग लेकर भारत की सभ्यता और संस्कृति के बारे में सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों को जानकारी दी। यह सम्मेलन 1 से 10 फरवरी तक दुबई के शारजाह शहर में चला। जिसमें दुनियां के अलग अलग 92 देशों के स्काउट प्रतिनिधि भाग लेने पहुंचे थे।