ऊना। ऊना और लठियाणी में हुए दो हादसों में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत अधिक नाजुक है, उनमें से एक को पीजीआई दूसरे को टांडा रेफर किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक नंगल निवासी जगदेव सिंह और बीनेवाल निवासी सुखदेव सिंह एक्टिवा स्कूटर पर नंगल से ऊना के मलाहत आ रहे थे। उनके ठीक पीछे नालागढ़ निवासी राजीव कुमार अपनी पत्नी संदीप राणा और भाभी सिमर राणा के साथ कार में आ रहे थे। जगदेव सिंह और सुखदेव सिंह ऊना स्थित रेलवे पुल के नीचे से मलाहत की तरफ टर्न कर रहे थे।
इसी दौरान उनका स्कूटर पीछे आ रही कार की चपेट में आ गया। हादसे में दोनों स्कूटर सवार और कार में बैठी महिला संदीप राणा बूरी तरह घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस में घायलों को रीजनल अस्पताल पहुंचाया। जहां सुखदेव सिंह की गंभीर हालत के चलते उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया है। उधर, बंगाणा उपमंडल के लठियाणी कस्बे में एचआरटीसी का एक चालक चलते टैंपो से लटकी रस्सियों की चपेट में आने से बुरी तरह जख्मी हो गया।
जिसे उपचार के लिए बड़सर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां से नाजुक हालत के चलते तुरंत टांडा अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 7 बजे दिल्ली जा रही सरकारघाट डिपो की बस यात्रियों के चाय-पान के लिए लठियाणी में रुकी। बस का कंडक्टर तरुण चौधरी निवासी कांगड़ा बस के पिछले पहियों में हवा चेक करने लग गया। इतने में हमीरपुर की ओर से एक टैंपो आया जिस पर से लंबी-लंबी रस्सियां सड़क पर लटक रही थी। इन्हीं रस्सियों की चपेट में तरुण चौधरी आ गया। रस्सियों में फंसे परिचालक तरुण चौधरी को टैंपू 100 मीटर तक अपने साथ घसीटता हुआ ले गया। हादसे में घायल परिचालक तरूण चौधरी को तुरंत बड़सर अस्पताल में ले जाया गया। जहां उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद तुरंत टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। एएसपी वीएस ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने हादसों के संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
फोटो- हादसे में घायल व्यक्ति को अस्पताल लाते लोग।