फोटो- छात्रों के हमले से वीसी को बचाकर ले जाते पुलिसकर्मी
शिमला। फीस वृद्धि से गुस्साए छात्रों ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी पर हमला कर दिया। ये घटना समरहिल चौक की है। जैसे ही कुलपति गाड़ी से उतरे छात्रों ने उनसे हाथापाई कर दी। छात्रों ने प्रशासनिक अधिकारियों को एचपीयू में नहीं घुसने दिया।
बुधवार को सुबह करीब 8.40 बजे एसएफआई कार्यकर्ताओं ने समरहिल चौक पर कुलपति की गाड़ी रोकी और उनसे हाथापाई की। फीस वृद्धि वापस लेने की मांग कर रहे छात्र समरहिल चौक से लेकर एचपीयू के मुख्य गेट तक धरने पर बैठे। इस दौरान किसी भी शिक्षक, कर्मचारी और प्रशासनिक अधिकारियों को कैंपस में नहीं जाने दिया। कुलपति को भी तनाव बढ़ता देख लौटना पड़ा। इसके अलावा एसएफआई कार्यकर्ताओं ने पूर्ण शिक्षा बंद का भी ऐलान किया। किसी भी छात्र की कक्षाएं नहीं लगने दी गई।
25 तक पूर्ण शिक्षा बंद
एसएफअाई ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि फीस बढ़ाेतरी का प्रस्ताव वापस नहीं लिया तो वे 25 सितंबर तक लगातार प्रशासन के अधिकारियों की कैंपस में एंट्री बैन कर देंगे। साथ ही वे काेई भी कक्षा नहीं लगने देंगे। एसएफआई के कैंपस अध्यक्ष हाेशियार सिंह का कहना है कि वे किसी भी हद तक जा सकते हैं।
बोले, वट्स गोइंग ऑन
लॉ विभाग की ओर से आयोजित सेमीनार में जापान और फ्रांस से भी प्रतिभागी पहुंचे थे। लॉ डिपार्टमेंट के बाहर जैसे ही छात्रों का प्रदर्शन शुरू हुअा, इसे देखकर विदेशी मेहमान भी सहम गए। वे प्रशासनिक अधिकारियों से पूछने लगे कि ये क्या हो रहा है। इस पर उन्हें बताया गया कि छात्र फीस वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इस पर विदेशियों ने कहा कि ये उनके लिए नया अनुभव है। ऐसा उनके देश में नहीं होता।
रास्ता रोकने का केस दर्ज
एचपी यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी ने एसएफआई वर्कर्स पर मामला दर्ज किया है। बालूगंज थाने में रास्ता रोकने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने को लेकर मामला दर्ज हुआ है। ऐसे में अब एसएफआई कार्यकर्ताओं पर गिरफ्तारी संभव है। पुलिस का कहना है कि कुलपति की ओर से जो शिकायत मिली है, उसमें तीन कार्यकर्ताओं के नाम दिए हैं। जबकि अन्य को भी इसमें शामिल किया है। अब पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
गले तक पहुंचे हाथ
छात्र इतने गुस्से में थे कि कुलपति जैसे ही गाड़ी से समरहिल चौक पर उतरे छात्रों ने उनसे हाथापाई शुरू कर दी। कुलपति ने छात्रों को रोकने का भी प्रयास किया। इसके बावजूद वे नहीं माने। मामले को बढ़ता देख पुलिस ने बीच बचाव किया। इसके बाद कुलपति गाड़ी में वापस चले गए। एचपीयू में धरने-विरोध प्रदर्शन और तनाव के चलते पूर्ण शिक्षा बंद रही।
आगे की स्लाइड्स में देखें और फोटो...