हमीरपुर। 9 अगस्त को नादौन के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में दिन-दहाड़े हुई 32 लाख की चोरी मामले में पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। आरोपियों को दबोचने के लिए डीएसपी लालमन शर्मा के नेतृत्व में पुलिस की टीम मध्य प्रदेश रवाना हुई है। ऐसा लग रहा है कि जल्द ही चोरी वारदात को अंजाम देने वाले पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
हालांकि अब तक पुलिस को इस मामले में कोई बड़ी कामयाबी हासिल नहीं हुई है। घटना को हुए 22 दिन का समय बीत चुका है लेकिन अब जिस बड़ी तैयारी के साथ टीम एमपी गई है उससे जल्द ही मामले में बड़ा खुलासा होने की उम्मीद जगी है। मामला सुलझाने के लिए हाइटेक तकनीक की भी मदद ली गई है।
कैशियर, युवक से हो चुकी पूछताछ
पुलिस भोपाल सहित एमपी के कई दूसरे जिलों में भी आरोपियों की तलाश को लेकर दबिश देगी। इस काम में स्थानीय लोगों की भी मदद ली जाएगी। सारा अभियान डीएसपी की देखेरख में होगा। लाखों की चोरी को अंजाम देने वाले काफी शातिर हैं। लिहाजा उन्हें दबोचने के लिए भी फुलप्रूफ प्लान बनाकर टीम गई है। तीन नाबालिग बच्चों ने कैश से भरा बैग ब्रांच से अासानी से उड़ाकर होश उड़ा दिए थे। हेड कैशियर से लेकर एक संदिग्ध युवक तक से लंबी पूछताछ की गई पर ज्यादा हाथ कुछ नहीं आया था। टेलीफोन कॉल को भी जांच में बड़ा आधार पर बनाया है। इस पर भी काफी हद तक कामयाबी टिकी हुई है। पुलिस को अब तक की जांच में पता चला है कि आरोपियों के तार मध्यप्रदेश से जुड़े हैं। सीसीटीवी फुटेज से भी पुलिस को बच्चों की पहचान के अलावा कुछ नहीं मिला था।
दूसरी बार पुलिस एमपी गठ
मामले को लेकर पुलिस की टीमों ने पंजाब, यूपी, हरियाणा, दिल्ली सहित कई पड़ोसी राज्यों में दबिशें दी थीं। एक टीम 10 दिन पहले भी जांच के लिए एमपी गई थी लेकिन तब कोई बड़ा कामयाबी उसे नहीं मिल पाई थी। इस बार पुलिस के बड़े अधिकारी खुद साथ गए हैं। लिहाजा इससे पुख्ता जानकारियां शामिल हैं। शायद लोकल लोगों से भी वहां मदद मिली है। मामले को लेकर पुलिस पर पहले ही काफी दवाब बना हुआ है। हमीरपुर में इस तरह की चोरी का ये अब तक का सबसे बड़ा मामला है। आरोपियों की गिरफ्तारी से ही मामले के सारे राज खुलेंगे।
हर पहलू पर छानबीन जारी
छानबीन के लिए हमीरपुर से एक टीम प्रदेश से बाहर गई है। पुलिस जांच का काम अपनी दिशा पर कर रही है। हर पहलू पर छानबीन हो रही है।
- शमशेर सिंह, एएसपी हमीरपुर