हमीरपुर। विजिलेंस विंग हमीरपुर में केस प्राॅपर्टी स्कैंडल में पुलिस ने होमगार्ड जवान को गिरफ्तार किया है। इस मामले में ये पहली गिरफ्तारी है। भास्कर ने 26 अगस्त को इस स्कैंडल का पर्दाफाश किया था।
सदर पुलिस ने गिरफ्तार किए होमगार्ड राकेश परमार को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे 18 सितंबर तक पुलिस रिमांड में भेज दिया है। जल्द ही एक-दो और लोगों की भी गिरफ्तारी हो सकती है। पुलिस इस स्कैंडल में जवान के खिलाफ चोरी का भी मामला दर्ज करने जा रही है। विंग के मुंशी रूपेंद्र के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर उसे सस्पेंड किया जा चुका है।
अपनों की अमानत में खयानत
विजिलेंस विंग में करीब 32 सालों में पकड़े घूसखोरी के अलग-अलग केसों में करीब 80 हजार की केस प्राॅपर्टी एएसपी के कमरे में रखे ट्रंक में थी। कुछ समय पहले ही जब एक सब इंस्पेक्टर के घूसखोरी मामले में कोर्ट में पकड़ी 8 हजार रुपए की प्राॅपर्टी पेश की जानी थी तो ट्रंक खोलने पर वहां सारा रिकॉर्ड गायब था। इस पर एफआईआर दर्ज करानी गई। पुलिस ने जब विंग में काम करने वाली महिला सफाई कर्मचारी से पूछताछ की तो उसके बयानों में पता चला कि दो होमगार्ड एएसपी के कमरों में देखे थे। इनमें एक होमगार्ड जवान ट्रंक खोलकर केस प्राॅपर्टी की फाइलों को निकाल रहा था। जबकि दूसरा दरवाजे पर पहरा दे रहा था। ये घटना 7-8 माह पहले की थी। पुलिस ने इसी बात को आधार बनाकर अब शक के आधार पर होमगार्ड राकेश परमार को पकड़ा है। इसकी ड्यूटी रिकॉर्ड के हिफाजत की थी। आरोप है कि उसने अमानत में खयानत डालकर रिकॉर्ड गायब किया।