धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निजी भागीदारी के तहत पहली मर्तबा हेली टैक्सी सेवा शुरू की गई है। इसका शुभारंभ नवरात्रों को पहले दिन वीरवार को शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने किया। समुद्रतल से 2920 मीटर ऊंचाई पर स्थित आदि हिमानी चामुंडा मंदिर के लिए प्रदेश सरकार ने यह सुविधा दी है।
निजी कंपनी की ओर से शुरू की गई हेली टैक्सी सेवा का एकतरफ का किराया चामुंडा-आदि हिमानी चामुंडा के लिए 3200 रुपए है। साहसिक पर्यटन के शौकीनों व मां के दर्शनों के लिए जाने वाले पर्वतारोहियों को अब 11 किलोमीटर का पैदल रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा। इस अवसर पर सुधीर शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में पर्यटन की संभावनाओं को तलाश कर अनछुए पर्यटक स्थलों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाकर कांगड़ा घाटी में अधिक से अधिक पर्यटकों को आकर्षित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फोटो- हेली टैक्सी का उद्घाटन करते हुए शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा।